
सलमान खान ने किया राजपाल यादव को सपोर्ट
Salman Khan Support Rajpal Yadav: बॉलीवुड के 'सुल्तान' सलमान खान अक्सर विवादों से दूरी बनाए रखते हैं, लेकिन जब बात अपने करीबियों और फिल्म इंडस्ट्री के साथियों के सम्मान की आती है, तो वह पीछे नहीं हटते। हाल ही में एक अवॉर्ड शो के दौरान अभिनेता राजपाल यादव के साथ हुए एक वाक्य ने सोशल मीडिया पर तूल पकड़ लिया, जिसके बाद सलमान खान ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए राजपाल के समर्थन में एक ऐसा पोस्ट किया है, जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है।
यह पूरा मामला रविवार, 5 अप्रैल को मुंबई में आयोजित 'स्क्रीन अवॉर्ड्स' के दौरान शुरू हुआ। मंच पर एक चर्चा चल रही थी जिसमें वैश्विक तेल संकट और अर्थव्यवस्था के असर पर बात हो रही थी। इसी बीच राजपाल यादव ने मजाकिया लहजे में कहा, "दुनिया में इतनी लड़ाइयां और उतार-चढ़ाव हो रहे हैं, मैं इस रुपये-डॉलर के खेल को कैसे समझूं?"
इस पर कार्यक्रम को होस्ट कर रहे पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने चुटकी लेते हुए कहा, "राजपाल भाई, डॉलर-रुपया कितना भी ऊपर-नीचे हो, आपको उतने ही पैसे लौटाने पड़ेंगे जितने उधार हैं।" यह टिप्पणी राजपाल के हालिया 'चेक बाउंस' विवाद और जेल यात्रा की ओर इशारा थी। हालांकि वहां मौजूद लोग हंस पड़े और खुद राजपाल ने भी इसे हंसी में टाला, लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस को यह मजाक नागवार गुजरा। लोगों का कहना था कि इतने बड़े मंच पर किसी के व्यक्तिगत संघर्ष का मजाक उड़ाना ठीक नहीं है।
जब यह वीडियो वायरल हुआ, तो सलमान खान ने मंगलवार को राजपाल यादव की फोटो शेयर करते हुए एक दिल छू लेने वाला संदेश लिखा। सलमान ने कहा, "राजपाल भाई, आप 30 साल से काम कर रहे हो और इंडस्ट्री आपको बार-बार इसलिए रिपीट करती है क्योंकि आप अपने काम में माहिर हो। काम तो आपको बहुत मिलेगा और इसी 'डॉलर रेट' पर मिलता रहेगा, यही हकीकत है।"
सलमान यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे लिखा, "यह याद रखना कि फ्लो-फ्लो में कभी कुछ बातें निकल जाती हैं। देना ही है तो दिमाग में रखो, लेकिन काम दिल से करो। डॉलर ऊपर हो या नीचे क्या फर्क पड़ता है, देना तो इंडिया में ही है।" सलमान के इस बेबाक अंदाज ने न केवल राजपाल का हौसला बढ़ाया, बल्कि ट्रोलर्स की भी बोलती बंद कर दी।
यह पहली बार नहीं है जब सलमान राजपाल के लिए खड़े हुए हों। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब राजपाल यादव चेक बाउंस केस में कानूनी मुश्किलों का सामना कर रहे थे, तब सलमान खान ने पर्दे के पीछे रहकर उनकी काफी आर्थिक मदद की थी। हालांकि सलमान ने कभी खुद इसका जिक्र नहीं किया, लेकिन राजपाल के करीबियों ने हमेशा इस बात को स्वीकार किया है।
इवेंट के दौरान मंच पर मौजूद कॉमेडियन जाकिर खान ने भी स्थिति को संभालते हुए कहा था कि मामला अदालत में है, इसलिए इसे यहीं छोड़ देना चाहिए। बाद में सौरभ द्विवेदी ने भी राजपाल की वापसी पर खुशी जताते हुए उनके लिए तालियां बजवाईं। फिलहाल, सलमान के इस पोस्ट ने साबित कर दिया है कि इंडस्ट्री में रिश्तों की अहमियत आज भी बरकरार है।
Published on:
07 Apr 2026 03:16 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
