बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान को एक गैंगस्टर ने जान से मारने की धमकी दी है। यह गैंगस्टर राजस्थान के जोधपुर से है और उसने कहा है कि वह सलमान खान को जोधपुर में ही मारेगा। सलमान खान को धमकी देने वाले इस गैंगस्टर का नाम है लॉरेंस विश्नोई। बता दें कि काला हिरण शिकार मामले में विश्नोई समाज सलमान खान से नाराज चल रहा है। दरअसल लॉरेंस को शुक्रवार को जोधपुर कोर्ट में किसी मामले के तहत पेश किया गया था। लॉरेंस ने भारी पुलिस सुरक्षा के बीच मीडिया के सामने सलमान खान को धमकी देते हुए कहा कि वह सलमान खान को मार देगा। साथ ही लॉरेंस ने कहा कि वह सलमान को जोधपुर में ही मारेगा। गैगस्टर लारेंस विश्नोई ने कहा कि अभी तो मैंने कुछ किया ही नहीं है। पुलिस यूं ही फंसा रही है। लारेंस की सलमान को दी गई इस धमकी ने पुलिस महकमे में हड़कंप सा मचा दिया। गौरतलब है कि लॉरेंस विश्नोई पर हत्या, अवैध वसूली, रंगदारी और फायरिंग के कई मामलों चल रहे हैं। लॉरेंस मूलत: पंजाब का रहने वाला है और हाल ही में जोधपुर के बिजनेसमैन की हत्या के आरोप में चर्चा में आया है। लॉरेंस के पिता पंजाब पुलिस में एक कॉन्स्टेबल हैं। 25 साल के लॉरेंस पर कई राज्यों में दो दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं।