
शाहरुख खान ने क्या सच में देखी धुरंधर 2?
Shahrukh Khan Fake Post Viral: निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर कोहराम मचा रही है। फिल्म की धुआंधार कमाई और रणवीर सिंह की एक्टिंग की चर्चा हर जुबान पर है। लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा स्क्रीनशॉट वायरल हुआ, जिसने बॉलीवुड गलियारों में खलबली मचा दी। दावा किया गया कि खुद 'किंग खान' यानी शाहरुख खान ने इस फिल्म की तारीफ की है और वह आदित्य धर के साथ काम करने के लिए बेताब हैं। आइये जानते हैं आखिर क्या है इस वायरल हो रहे पोस्ट की सच्चाई...
पिछले कुछ घंटों से इंटरनेट पर एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे शाहरुख खान की कथित इंस्टाग्राम स्टोरी बताया जा रहा है। इस पोस्ट में लिखा था कि शाहरुख ने 'धुरंधर 2' देख ली है और उन्हें यह फिल्म 'शानदार' लगी। वायरल पोस्ट के मुताबिक, शाहरुख ने रणवीर सिंह की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि फिल्म का हर सीन दिल को छू जाता है। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि पोस्ट में लिखा गया कि शाहरुख, आदित्य धर के साथ फिल्म करने के लिए 'डाइंग टू वर्क' (काम करने के लिए तड़प रहे हैं) हैं।
जैसे ही यह खबर फैली, फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई कि शायद जल्द ही शाहरुख और आदित्य धर की जोड़ी साथ दिखेगी। लेकिन सच्चाई यह है कि यह पोस्ट पूरी तरह फर्जी है। शाहरुख खान की तरफ से ऐसा कोई भी आधिकारिक बयान या इंस्टाग्राम स्टोरी सामने नहीं आई है।
तकनीकी जानकारों का मानना है कि यह स्क्रीनशॉट या तो बड़ी चतुराई से एडिट किया गया है या फिर 'एआई' (AI) टूल्स की मदद से तैयार किया गया है ताकि फिल्म की चर्चा को और भुनाया जा सके। शाहरुख खान आमतौर पर अपनी पसंद की फिल्मों की सराहना खुले दिल से करते हैं, लेकिन 'धुरंधर 2' को लेकर उन्होंने अब तक चुप्पी साध रखी है। ऐसे में इस वायरल स्क्रीनशॉट पर यकीन करना फैंस को भारी पड़ सकता है।
भले ही शाहरुख खान वाला यह पोस्ट फर्जी निकला हो, लेकिन फिल्म की सफलता एकदम असली है। 'धुरंधर: द रिवेंज' अब तक वर्ल्डवाइड करीब 750 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। फिल्म की स्टारकास्ट और आदित्य धर के निर्देशन को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। बिना किसी बड़े सुपरस्टार के सपोर्ट के भी फिल्म अपने दम पर रिकॉर्ड तोड़ रही है।
कुल मिलाकर, सोशल मीडिया के इस दौर में किसी भी वायरल स्क्रीनशॉट पर आंख मूंदकर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है। शाहरुख के फैंस को फिलहाल उनकी अगली फिल्म 'किंग' का इंतजार करना होगा, न कि इस फर्जी वायरल पोस्ट पर ध्यान देना चाहिए।
Published on:
25 Mar 2026 10:20 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
