
बुलंदशहर. जलभराव और गंदगी से परेशान मोहल्लेवासियों ने कई जगह गुहार लगा ली। जब उनकी कहीं नहीं सुनी गई तो थककर घर की दीवारों पर पलायन के पोस्टर लगा दिए। लोगों का कहना है कि भाजपा की साढे चार साल की उपब्धियां देखनी हैं तो उसके नेता और मंत्री यहां पर आकर देखें कि किस प्रकार स्वच्छ भारत का मोदी का सपना साकार हो रहा है।
परेशान मोहल्ला होली ब्रह्मनान के लोगों ने पलायन करने की चेतावनी दी है। परेशान लोगों ने अपने घरों के बाहर पलायन करने के पोस्टर भी लगा दिए हैं। नगरपालिका द्वारा इंजन पंप सेट के जरिए पानी की निकासी का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन फिर भी जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
खुर्जा के मोहल्ला होली ब्रह्मनान स्थित झाबर हाउस वाली गली में कई वर्षों से जलभराव की समस्या बन रही है। करीब पांच माह पहले जेवर अड्डा चौराहे की तरफ जाने वाली सीवर लाइन चोक हो गई। पुरानी और छोटी होने के कारण सीवर लाइन को नगरपालिका के कर्मी खोल नहीं सके, तो उन्होंने इसके लिए गाजियाबाद से भी मशीन मंगवाई। जिससे कुछ दिनों तक राहत मिली, लेकिन फिर से गली में जलभराव की समस्या बन गई।
पिछले करीब एक माह से लगातार कालोनी में जलभराव हुआ पड़ा है। जिससे निजात दिलाने के लिए नगरपालिका द्वारा जेवर अड्डा चौराहे पर इंजन पंप सेट के जरिए पानी की निकासी कराई जा रही है, लेकिन फिर भी जलभराव से निजात मिलती हुई दिखाई नहीं दे रही है। जिससे आहत लोगों ने गुरुवार सुबह को जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही अपने घरों के बाहर पलायन करने के पर्चे चिपका दिए।
वहीं शीघ्र जलभराव से निजात नहीं मिलने पर गली को छोड़कर जाने की उन्होंने चेतावनी दी है। पलायन का पोस्टर लगाने वालों में जगवीर शर्मा, प्रदीप, मदनलाल, जितेंद्र, सुनील कुमार, आकाश, विक्की, अमन, विष्णु आदि शामिल हैं।
अधिशासी अधिकारी खुर्जा जेके आनंद ने बताया कि सीवर लाइन छोटी होने के कारण परेशानी हो रही है। इंजन पंप सेट के जरिए लगातार पानी की निकासी कराई जा रही है। समस्या के स्थाई समाधान के लिए नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
BY: KP Tripathi
Published on:
24 Sep 2021, 3:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.