
विवाह समारोह में वाहनों के शीशे तोड़ने वाले दो गिरफ्तार
विवाह समारोह में वाहनों के शीशे तोड़ने वाले दो गिरफ्तार
पेच की बावड़ी. विवाह समारोह में कारों के शीशे तोड़ने के मामले में शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिन्हें उपखंड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाने के आदेश दिए। 30 नवम्बर को कालामाल निवासी छीतरलाल शर्मा ने रिपोर्ट दी थी कि उसकी बेटी के विवाह समारोह में बारातियों की गाड़ियों पर कुछ लोगों ने शीशे तोड़ दिए थे। ग्रामीणों ने उनका पीछा किया तो मोटरसाइकिल लकड़ेश्वर महादेव रोड पर खड़ी मिली, जो पुलिस को सौंप दी थी। थानाधिकारी मुकेश कुमार मीणा ने बताया कि जांच के बाद जयपुर से आरोपी सिद्धार्थ जैन पुत्र कमलेश जैन निवासी पेच की बावड़ी व पुष्पचन्द पुत्र सोहनलाल माली निवासी कालामाल को डिटेन कर थाना पर लाए, जहां पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार किया।
दो हत्यारों को न्यायालय ने भेजा जेल, एक पुलिस रिमांड पर
बूंदी. बूंदी के निकट नानकपुरिया गांव में बंता सिंह हत्याकांड के मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे तीनों आरोपी को शनिवार को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। जहां से दो आरोपी सुखविंद्र और राजवीर को न्यायालय ने जेल भेज दिया। वहीं एक अन्य आरोपी गुरप्रीत को दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है। पुलिस आरोपी से हथियार लाने के संबंध में पूछताछ करेगी। कार्यवाहक थानाधिकारी धर्माराम ने बताया कि नानकपुरिया गांव में घर के बाहर सो रहे बंता सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपी तालेड़ा थाने के बरखेड़ा निवासी सुखविंद्र सिंह उर्फ सोनू (27), गुरुप्रीत उर्फ गोपी उर्फ मंगा (26) व नानकपुरिया निवासी राजवीर सिंह (21) को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे थे। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने हत्यारों से हत्या के काम में लिए गए हथियार व बाइक बरामद कर चुकी है।
Published on:
05 Dec 2021 07:22 pm
