
बूंदी के विकास के लिए राज्य सरकार ने स्वीकृत किए 135 करोड़ रुपए
बूंदी के विकास के लिए राज्य सरकार ने स्वीकृत किए 135 करोड़ रुपए
पीसीसी उपाध्यक्ष हरिमोहन शर्मा के प्रयासों से मंत्री धारीवाल की बूंदी को सौगात
50 करोड़ से कोटा से बूंदी चंबल पेयजल की एक और लाइन, शहर में सडक़ों के लिए 40 करोड़
बूंदी. राज्य के स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने नगर परिषद चुनाव के समय पीसीसी उपाध्यक्ष हरिमोहन शर्मा से किया वादा निभाते हुए बूंदी को 135 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी।
नगर परिषद सभापति कक्ष में शनिवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि बूंदी नगर परिषद में वर्तमान बोर्ड जनता की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा। नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस की ओर से जारी जन घोषणा पत्र के अनुरूप कार्य किया जाएगा।
सभापति मधु नुवाल के साथ आयोजित पत्रकार वार्ता में शर्मा ने कहा कि स्वायत्त शासन मंत्री धारीवाल ने कांग्रेस का बोर्ड बनने पर किया वादा निभाते हुए राज्य सरकार की ओर से बूंदी में 135 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति जारी करा दी। बूंदी शहर के विभिन्न स्थानों पर मुख्य सडक़ों के निर्माण व चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिये 40 करोड़ रुपए, सीवरेज के शेष कार्यों के लिये 25 करोड़ रुपए, बरसाती नालों के लिए 15 करोड़ रुपए के साथ जलापूर्ति के शेष कार्यों व चंबल से बूंदी में जलापूर्ति की क्षमता बढ़ाने के लिए 50 करोड़ रुपए स्वीकृत किए।
दरवाजों-चौराहों का होगा सौंदर्यीकरण, नाले बनेंगे
पांच स्थानों पर 15 करोड़ की राशि से साढ़े 9 किलोमीटर लम्बे बरसाती नालों का कार्य होगा, इनमें जैतसागर से देवपुरा तक 4.5 किमी, गुरुद्वारा से नानकपुरिया तिराहे तक 1.5 किमी, खोजा गेट से बर्फ फैक्ट्री तक 1 किमी, सिलोर रोड नाला 1.5 किमी व एफसीआई गोदाम से तलाई तक 1 किमी नाले का कार्य होगा। हेरिटेज एवं नवल सागर तालाब क्षेत्र के विकास कार्यों के तहत 5 करोड़ रुपए की राशि से मीरा गेट, खोजा गेट, लंका गेट, भैरुदरवाजा, कोतवाली दरवाजा, शुक्ल बावड़ी के पास दरवाजा, नरु की बावड़ी व नवल सागर तालाब के कार्य होंगे। 50 करोड़ रुपए की राशि से बूंदी की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। इसमें जलापूर्ति के शेष कार्यों के साथ चंबल से जलापूर्ति को भी 26 एमएलडी से बढ़ाकर 50 एमएलडी एवं तीन पंप को बढ़ाकर छह पंप किया जाएगा। 40 करोड़ रुपए की राशि से सडक़ों के निर्माण व रिनोवेशन कार्य में रेलवे स्टेशन रोटरी तिराहे से देवपुरा तक मुख्य सडक़ के साथ चौमुखा बाजार से बड़ारामद्वारा, चौमुखा से चारभुजा मंदिर, रतनबुर्ज से मीरा गेट खाईलैंड मार्केट, रतनबुर्ज से चौगान गेट चौमुखा, एसबीआई बैंक से पुरानी धान मंडी, बायपास रोड से लंका गेट, श्रीराम मेडिकल से खोजा गेट, मीरा गेट से पुराने जलदाय विभाग के कार्यालय, धान मंडी धर्मशाला से नूर की चक्की खोजा गेट, पुराने संगम टॉकीज से वाल्मीकि बस्ती, शिव मंदिर से इंडस्ट्रियल एरिया सहित बूंदी के विभिन्न क्षेत्रों की दर्जनों सड़कें बनेंगी।
पहली बार घोषणा पत्र पर लड़ा था चुनाव
पीसीसी उपाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि चार महीने पहले संपन्न नगर परिषद चुनाव में पहली बार कांग्रेस की ओर से बूंदी शहर के विकास का घोषणा पत्र जारी किया था। बूंदी में पहली बार किसी राजनीतिक दल ने अपने स्थानीय मुद्दों को जनता के सामने रखकर चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा कि इस बजट से बूंदी के विकास को गति मिलेगी।
ओर होगा सड़कों का निर्माण
सभापति नुवाल ने कहा कि वर्तमान स्वीकृति से बूंदी में विभिन्न स्थानों पर सडक़े बनेगी। आगे भी यह क्रम जारी रहेगा। जो सड़कें इसमें शामिल नहीं हुई उन्हें अगले चरण में शामिल करेंगे। शहर से किए हर वादे को पूरा करेंगे।
Published on:
06 Jun 2021 09:07 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
