2 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

संकट की इस घड़ी में पीडि़तों के साथ खड़े हैं – बिरला

लोकसभा अध्यक्ष एवं कोटा-बूंदी सांसद ओम बिरला शनिवार को क्षेत्र में आए और वर्षा पीडि़तों के सिर पर मदद का हाथ रखा। केशवरायपाटन में सबसे पहले पिछले दिनों मकान धंसने से हुए हादसे में मृत सात लोगों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

4 min read
Google source verification

बूंदी

image

pankaj joshi

Aug 08, 2021

संकट की इस घड़ी में पीडि़तों के साथ खड़े हैं - बिरला

संकट की इस घड़ी में पीडि़तों के साथ खड़े हैं - बिरला

संकट की इस घड़ी में पीडि़तों के साथ खड़े हैं - बिरला
लोकसभा अध्यक्ष एवं कोटा-बूंदी सांसद ओम बिरला केशवरायपाटन क्षेत्र में आए, पीडि़तों से मिले
मकान धंसने से हुए हादसे में मृत सात लोगों को श्रद्धासुमन अर्पित किए, परिजनों से मिलकर सुनी पीड़ा
केशवरायपाटन. लोकसभा अध्यक्ष एवं कोटा-बूंदी सांसद ओम बिरला शनिवार को क्षेत्र में आए और वर्षा पीडि़तों के सिर पर मदद का हाथ रखा। केशवरायपाटन में सबसे पहले पिछले दिनों मकान धंसने से हुए हादसे में मृत सात लोगों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
बिरला ने परिजनों से कहा कि अचानक हुए इस हादसे ने उनके परिवारों की खुशियां उजाड़ दी है। हादसे ने बच्चों से उनके माता-पिता छीन लिए। दु:ख की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े है। उनका प्रयास रहेगा कि इन परिवारों को आत्मनिर्भर बनाएं। हादसे में उनके घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। सरकारी योजनाओं व जनसहयोग से उनके लिए छप्पर की व्यवस्था की जाएगी। नगर पालिका से भूमि दिलवाकर मकान बनवाए जाएंगे।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला साढ़े तीन बजे हेलीकॉप्टर से कृषि उपज मंडी परिसर में बनाए हेलीपैड पर उतरे। यहां से श्रीराम धर्मशाला पहुंचे और हादसे में मृतकों को श्रद्धांजलि देकर परिजनों को ढांढस बंधाया।
आश्रितों की वृद्धा नटी बाई ने बिरला को परिवार की दशा से अवगत करवाया। बाद में बिरला नाव घाट घटनास्थल पर पहुंचे। जहां केवट समाज के लोगों ने समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने अपनी ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को 15 हजार रुपये दिए। बिरला के साथ विधायक चंद्रकांता मेघवाल भी मौजूद थी।
हर पीडि़त की होगी पूरी मदद
कापरेन. लोकसभा अध्यक्ष व सांसद ओम बिरला कापरेन क्षेत्र के भावपुरा, अडीला गांव पहुंचे और अतिवृष्टि से मकानों में भरे पानी वाले इलाकों में हालात की जानकारी ली। भावपुरा में अतिवृष्टि से पीडि़त किसानों से बात की। बाद में यहां भाजपा से विधायक रहे मांगीलाल मेघवाल के निधन पर उनके घर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने क्षेत्र के मौजूद किसानों से कहा कि क्षेत्र में अतिवृष्टि से इस बार अधिक नुकसान हुआ है। इस आपदा के समय में हम किसानों के साथ खड़े हैं। जिन लोगों के मकान ढह गए हैं। उनको आर्थिक सहायता राशि देने के लिए कहा है और जिनको मुआवजा नहीं मिलेगा, उन्हें भी जन सहयोग से मकान बनाने के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके लिए व्यापक कार्य योजना बनाकर कार्य किया जाएगा। लोकसभा अध्यक्ष ने रोटेदा में पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली। यहां उन्हें ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
भर्ती दम्पती के इलाज का पूरा खर्चा वहन करने की ली जिम्मेदारी
बालापुरा पहुंचकर पक्के मकान के ढहने से बालिका की मौत पर परिजनों को सांत्वना दी। कोटा अस्पताल में भर्ती दम्पती के इलाज का पूरा खर्चा वहन करने की जिम्मेदारी उठाते हुए मौके पर ही चिकित्सकों से बात की। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए। साथ ही घायल दम्पती की हालत की जानकारी ली।
बाझडली अण्डरपास पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष
नोताड़ा. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शाम सात बजे बाझडली अण्डरपास पहुंचे, जहां पर सैकड़ों की संख्या में लोगों ने अण्डरपास में पानी भरने की समस्या बताई। बिरला ने अण्डपास और पुरानी फाटक का निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों ने बिरला को बताया कि क्षेत्र में सीपेज की समस्या होने के कारण पानी भरा रहता है। बिरला के निर्देश पर अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही नई एवं आधुनिक तकनीक से अंडरपास की मरम्मत की जाएगी, जिससे पानी भरने की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। बिरला ने अधिकारियों को इस स्थान पर ओवरब्रिज की संभावना तलाशने के भी निर्देश दिए। उन्होंने आजन्दा गांव में वर्षा पीडि़तों से बात की। उन्हें मदद का पूरा भरोसा दिया।
अतिवृष्टि ने मचाई हाड़ौती में तबाही
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि लगातार बारिश से हाड़ौती में भारी तबाही मचाई है। अतिवृष्टि से सैकड़ों कच्चे, पक्के मकान ढह गए। गांव, शहर टापू बन गए। राज्य सरकार से प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा। बिरला शनिवार को कोटा संभाग के सांगोद क्षेत्र में हुए नुकसान का हवाई सर्वेक्षण कर केशवरायपाटन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बिरला ने कहा कि कई लोगों के मकान ढह चुके। इस आपदा की घड़ी में लोगों की हर संभव मदद की जाएगी। जिला प्रशासन से पानी की निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। बेघर हुए लोगों को आवास उपलब्ध कराने के लिए भी कहा है। बिरला ने बताया कि अधिकारियों को जल भराव क्षेत्र से पानी निकासी की पुख्ता व्यवस्था करवाने को कहा ताकि भविष्य में बाढ की स्थिति उत्पन्न नहीं हो पाए।
फसल खराबे का सर्वे एवं गिरदावरी का कार्य शीघ्र शुरू हों
केशवरायपाटन. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उपखण्ड क्षेत्र में अतिवृष्टि से हुए फसल खराबे का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने जिला कलक्टर आशीष गुप्ता से क्षेत्र में हुए फसलों के नुकसान के बारे में जानकारी ली। बिरला ने कहा कि क्षेत्र में फसल खराबे का सर्वे एवं गिरदावरी का कार्य शीघ्र शुरू हो, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा मिल सके।
केशवरायपाटन में हुए हादसे के मृतकों के आश्रितों को दी 5-5 लाख की आर्थिक सहायता
बूंदी. जिले के केशवरायपाटन में अतिवृष्टि से मकान ढहने के दो प्रकरणों में जिला कलक्टर आशीष गुप्ता ने कार्रवाई करते हुए आर्थिक सहायता स्वीकृत कर संबंधित के परिजनों को भुगतान कर दिया।
अतिरिक्त कलक्टर एयू खान ने बताया कि शनिवार को मुख्यमंत्री सहायता कोष से प्रति मृतक 1-1 लाख रुपए अतिरिक्त आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई, जबकि प्रति मृतक चार- चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि शुक्रवार को स्वीकृत कर भुगतान कर दिया। इस प्रकार प्रति मृतक कुल 5- 5 लाख की सहायता राशि दी गई। जानकारी के अनुसार 2 अगस्त को केशवरायपाटन के बालापुरा में 8 वर्षीय बालिका की मकान में दबने से मृत्यु हो गई थी। केशवरायपाटन कस्बे में 4 अगस्त को अतिवृष्टि के दौरान दीवार ढहने से इसमें दबकर एक ही परिवार के 7 सदस्यों की मृत्यु हो गई थी।