
यूरिया खाद की किल्लत पर जताई चिंता
यूरिया खाद की किल्लत पर जताई चिंता
केशवरायपाटन. भाजपा जिला महामंत्री योगेंद्र शृंगी ने यूरिया खाद की किल्लत पर चिंता जताई। शृंगी ने बताया कि सिंचित क्षेत्र में एक महीने से किसान खाद के लिए परेशान हैं, लेकिन शासन और प्रशासन इस पर गंभीर नहीं है। किसानों की समस्या को कोई सुन नहीं रहा है। कस्बे में रविवार को भी खाद नहीं पहुंचा, किसान दिनभर भटकते रहे।
खटकड़. कस्बे सहित क्षेत्र में यूरिया खाद की किल्लत बनी हुई है। क्षेत्र में गेहूं की फसल 30 से 45 दिन की होने से यूरिया खाद की मांग ने जोर पकड़ लिया। शनिवार को कस्बे की केशव खाद भंडार में 624 यूरिया खाद के बेग आए थे। सूचना मिलने पर रविवार सुबह से ही दुकान के बाहर किसानों की भीड़ जुट गई। पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण शुरू किया।
सुवासा. सुवासा कस्बे में रविवार को निजी डीलर के यहां पर खाद आने की सूचना पर किसानों की भीड़ लग गई। कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। बाद में डीलर राजेंद्र शर्मा ने प्रत्येक किसान को पांच पांच कट्टे वितरण किए। रविवार को दुकान पर खाद के 778 कट्टे आए थे।
नामातंरण नहीं खुलने से अटके 150 पट्टे
लाखेरी. राजस्व विभाग द्वारा ले आउट पासशुदा कॉलोनी का नामातंरण नहीं खोलने से करीब 150 लोगों के पट्टे नहीं बन पा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मेगा हाइवे स्थित श्याम विहार सैंकड कृषि भूमि पर एक कॉलोनाइजर द्वारा एसटीपी कोटा से पास कराई गई कॉलोनी का पांच वर्ष गुजर जाने के बाद भी राजस्व विभाग नगरपालिका के नाम नामातंरण नहीं खोल रहा है। ले आउट 2016 में पास हो चुका था। इस कॉलोनी की समस्त प्रकिया पूरी कर ली गई है, लेकिन आबादी भूमि का नामातंरण नगरपालिका के नाम दर्ज नहीं करने से करीब 150 लोगों को पट्टे नहीं मिल रहे है। इससे लोग रोजाना पालिका के चक्कर लगा रहे हंै। पालिका कर्मी अपनी मजबूरी व राजस्व विभाग को लिखा पत्र बताकर मना कर देते है। इस मामले में आब्जर्वर आरडी मीणा व चीफ इंजीनियर महेन्द्र कुमार बैरवा को भी लाखेरी दौरे के दौरान समस्या बताई, लेकिन कुछ नहीं हो सका।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी मुकेश नागर ने बताया कि मैंने व मेरे से पूर्व के अधिकारियों ने 2016 से कई पत्र राजस्व प्रशासन को लिख चुके हैं। नायब तहसीलदार राजेंद्र कुमावत ने बताया कि नामातंरण खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 1 सप्ताह में नामातंरण खोल दिया जाएगा।
Published on:
27 Dec 2021 07:38 pm
