
तालेड़ा सरपंच संघ के भी दो फाड, मेजर व दीपक बने अध्यक्ष
बूंदी. तालेड़ा पंचायत समिति सरपंच संघ के अध्यक्ष पद पर बुधवार को दो जनों ने दावा किया। 18 जनों ने अकतासा सरपंच राधेश्याम मीणा ‘मेजर’ को अपनी सहमति देकर अध्यक्ष घोषित किया।अध्यक्ष बनने पर मीणा के समर्थकों ने उनका मालाओं से स्वागत किया। अध्यक्ष मीणा ने भरोसा दिया कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई उसे पूरी तरह निभाएंगे। इधर, 19 सरपंचों ने ठीकरिया चारणान सरपंच दीपक मीणा को समर्थन देकर अध्यक्ष घोषित कर दिया। देर शाम मीणा को भी तालेड़ा पंचायत समिति सरपंच संघ का अध्यक्ष घोषित कर खुशी मनाई गई।ऐसे में हिण्डोली के बाद अब तालेड़ा में भी संघ के दो फाड़ हो गए।
सरपंच 33, समर्थन 37 का मिला
तालेड़ा पंचायत समिति में यों तो 33 ग्राम पंचायतें हैं, लेकिन अध्यक्ष चुनने में 37 सरपंच हो गए। राधेश्याम ने 18 सरपंचों का लिखा समर्थन घोषित किया। इसके बाद दीपक ने 19 सरपंचों का लिखा हुआ समर्थन बताया। यानी कुछ सरपंचों ने दोनों को ही खुश कर दिया।
सरपंच जिलाध्यक्ष के दावेदारों को नहीं कर रहे नाराज
सरपंचों ने बताया कि पंचायत समिति सरपंच संघ और जिलाध्यक्ष के दावेदारों को वह समर्थन देने में नाराज नहीं कर रहे। एक सरपंच ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि वह अब तक जिलाध्यक्ष के लिए 4 जनों को अपना समर्थन लेटरहेड पर लिखकर दे चुका। जबकि एक जने बताया कि सरपंच संघ का जिलाध्यक्ष बनने के लिए लेटर हेड भी दावेदारों ने ही बनवा लिए, मेरे से तो सिर्फ हस्ताक्षर करा लिए।
Published on:
06 Feb 2020 12:15 pm
