
छात्रावास में छात्रा की मौत, आक्रोशित परिजनों का हंगामा
-शव लेने से किया इनकार, अधिकारियों की समझाइश पर माने
-वार्डन से की धक्कामुक्की, मेडिकल बोर्ड से कराया पोस्टमार्टम
हिंडोली. कस्बे के निकट देवनारायण छात्रावास में रहने वाली कक्षा 10वीं की छात्रा की मंगलवार सुबह सर्पदंश से मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा कर शव लेने से इनकार कर दिया। वार्डन के साथ धक्कामुक्की भी की। उपखंड अधिकारी के जांच के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार भीलवाड़ा जिले में शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के तलोदा गांव निवासी ज्योति (१६) पुत्री भैरूलाल मीणा कस्बे में स्थित देवनारायण छात्रावास में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। साथी छात्रा दीप कंवर ने बताया कि सोमवार रात को ज्योति शौच के लिए गई थी। वापस आने के बाद उसने कहा कि मुझे किसी कीड़े ने काट लिया और मेरी उंगली में दर्द हो रहा है। अन्य बालिकाओं ने कहा कि मिट जाएगा। उसके बाद वह सो गई। सुबह छात्रा बेहोशी हालत में मिली। इस पर छात्रावास के कर्मचारी उसे हिंडोली अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की जानकारी मिलने पर पंचायत समिति प्रधान ममता गुर्जर, युवा नेता अनिल गुर्जर, जहाजपुर प्रधान शिवजीराम मीणा व परिजन चिकित्सालय पहुंचे और हंगामा करने लगे। उन्होंने छात्रा का शव लेने से इंकार कर दिया। इस दौरान आक्रोशित परिजनों ने वार्डन के साथ धक्कामुक्की भी की। बाद में उपखंड अधिकारी रघुनाथ खटीक, पुलिस उपाधीक्षक गोविंद सिंह मौके पर पहुंचे और समझाइश की। उन्होंने मामले की उचित जांच करवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन माने। बाद में तीन चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
वार्डन व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज
हिंडोली थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि छात्रा के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने छात्रावास वार्डन व कर्मचारियों के खिलाफ सदोष मानव वध की धारा 304 ए में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
Published on:
14 Aug 2018 08:57 pm
