
बिल जमा नहीं करने पर उपभोक्ताओं ने लगाया जाम
बूंदी. शहर के लंका गेट रोड स्थित विद्युत वितरण निगम कार्यालय में बिल जमा नहीं होने से नाराज उपभोक्ताओं ने सोमवार को हंगामा कर दिया। लोगों ने विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी कर कुछ देर के लिए सडक़ पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इससे दोनों तरफ मार्ग बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार निर्धारित समय से पूर्व बिजली का बिल जमा कराने को लेकर उपभोक्ताओं की विद्युत निगम कार्यालय में कतारें लगना शुरू हो गई थी। उपभोक्ता 9.30 बजे खिडक़ी खुलने का इंतजार कर रहे थे। एक घंटे बाद भी कर्मचारी बिल जमा करने नहीं पहुंचे तो उपभोक्ता आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। बाद में सडक़ पर जाम कर लगा दिया। हंगामा बढ़ता हुआ देख दो कर्मचारी पहुंचे और सुबह 10.30 बजे कमरे का ताला खोला। लोगों ने कर्मचारी बढ़ाने की मांग को लेकर फिर से रोष जताया। इसके बाद दो कर्मचारी और लगाए गए। इसके बाद व्यवस्था सुचारू हो सकी।
इसलिए उमड़ी भीड़
बिजली के बिल जमा कराने की अंतिम तिथि होने से उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। उपभोक्ता दिनेश व शुभम ने बताया कि बिल जमा कराने की अंतिम तिथि होने से लम्बी लाइन लगी।
होते रहे परेशान
गर्मी के चलते उपभोक्ताओं के हाल-बेहाल हो गए। एक घंटे देरी से बिल जमा होने से उपभोक्ता परेशान नजर आए। उपभोक्ता रवि गौतम व आकाश का कहना था कि कतार में लगने के चलते जल्दी कार्यालय पहुंच गया था। बिल जमा कराने की अंतिम तिथि थी। निर्धारित समय पर भी खिडक़ी नहीं खुलने पर अधिकारी से पूछताछ में सही जवाब नहीं मिलने पर सडक़ पर जाम लगा दिया। कुछ देर बाद खिडक़ी खोली गई ओर बिल जमा होने लगे।
इंतजार में बैठी रही महिलाएं
देरी से बिल जमा होने से महिला, बुजुर्गों के साथ छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कर्मचारी के इंतजार में महिलाएं बिल जमा कराने प्रयास में बैठी रही। महिलाओं का कहना था कि घर के जरूरी कामकाज छोड़ यहां बिल जमा कराने के लिए लाइनों में लगना पड़ रहा है। विभागीय कर्मचारीयों की लेटलतीफी का खामियाज भुगतना पड़ रहा है।
Published on:
19 Jun 2018 01:08 pm
