20 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कूलर में करंट से युवक की मौत, बालिका झुलसी

. हिण्डोली थाना क्षेत्र में कूलर में करंट उतरने से एक युवक की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर एक बालिका गंभीर रूप से झुलस गई।

2 min read
Google source verification
Death of young man in the cooler, girl scorching

बूंदी. हिण्डोली थाना क्षेत्र में कूलर में करंट उतरने से एक युवक की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर एक बालिका गंभीर रूप से झुलस गई। दोनों को परिजन बूंदी के जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने बालिका की हालत गंभीर होने पर उसे कोटा रैफर कर दिया।

वहीं युवक का शव मोर्चरी में रखवाया गया। सूचना पर हिण्डोली पुलिस ने भी बूंदी पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। जानकारी के अनुसार सथूर निवासी सुरेश कुमार प्रजापत (32) दोपहर को घर के बाहर किराने की दुकान में कूलर में पानी भर रहा था। तभी कूलर में अचानक से तेज करंट आ गया। जिससे अचेत होकर युवक नीचे गिर गया।

उसे परिजन जिला अस्पताल के ट्रोमा वार्ड लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में हिण्डोली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं करंट से मौत होने की जांच शुरू कर दी। उधर युवक की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ ही टूट गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।

गंभीर झुलसी बालिका कोटा रैफर
उधर सथूर जागा का झौपड़ा निवासी बालिका पायल भाट (9) भी दोपहर को कूलर चलाने गई तो कूलर में करंट उतर गया। जिससे बालिका का एक हाथ पूरा झुलस गया। दूसरा हाथ व छाती भी झुलस गई। चीख सुनकर उसकी मामी बचाने आई तो उसे भी करंट का झटका लगा। गंभीर हालत में बालिका को बूंदी बर्न वार्ड से कोटा रैफर कर दिया गया।

निगम पर लगाया लापरवाही का आरोप
पूर्व वार्ड पंच महावीर भाट, सथूर निवासी भंवर लाल गुर्जर सहित अन्य ग्रामीणों ने विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने कहा कि कूलर में अचानक 11 के.वी. का करंट उतर आया। जिसके चलते एक युवक की जान चली गई। उसी समय एक बालिका भी कूलर से करंट लगने से बुरी तरह से झुलस गई। करंट इतना तेज था कि कूलर के उपकरण भी जल गए। निगम द्वारा अनदेखी बरतने से हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि समय पर विद्युत लाइनों की सार संभाल भी नहीं की जाती। जिसके चलते करंट के हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

परिवार में नहीं कोई कमाने वाला
ग्रामीणों ने बताया कि करंट से सुरेश कुमार प्रजापत की मौत हो गई। मृतक के परिवार में माता पिता की वर्षों पूर्व मौत हो चुकी थी। ऐसे में परिवार में अब पत्नी, तीन बेटियां व एक बेटा है। परिवार का पालन पोषण करने वाला एक मात्र प्रजापत ही था। जो किराने की दुकान लगाकर जैसे तैसे परिवार को पाल रहा था। परिवार के मुखिया की मौत होने से परिवार पर आर्थिक संकट भी पैदा हो गया है। परिवार की जिम्मेदारी निभाने वाला अब कोई नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों ने सरकार से भी आर्थिक मदद की मांग की है।

कराई है जांच
सथूर गांव में करंट लगने की सूचना के बाद विद्युत निगम के कमचारियों को जांच के लिए भेजा था। लेकिन उनके सिस्टम में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली। यदि 11 के.वी लाइन का करंट उतर जाता तो सबसे पहले मीटर जलता व केबल खत्म हो जाती। इसके अलावा अन्य घरों में भी करंट आता। बालिका व युवक के करंट लगने की घटना का समय अलग-अलग है। पता चला है कि कूलर में करंट आने से ही युवक की मौत हुई है।
रईस अहमद, सहायक अभियंता विद्युत निगम कार्यालय, हिण्डोली