
बूंदी. जिलेभर में शनिवार को हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। बूंदी में भी हनुमान जयंती को लेकर लोगो में खास उत्साह है विवाद के चलते कोई अनहोनी न हो इसके लिए सुरक्षा व कानून व्यवस्था के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रहेगी हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना व महाआरती के आयोजन होंगे। शहरभर में हनुमान जयंती को लेकर जगह-जगह तैयारियां चल रही है।
शहर के सभी हनुमान मंदिरों में हनुमान को चोला चढ़ाया जाएगा। पुष्पों से विशेष शृंगार किया जाएगा। मंदिरों में सामूहिक सुंदर कांड, हनुमान चालीसा व महाआरती की जाएगी।
वहीं हनुमान जयंती के मौके पर ओम सुंदरकांण्ड नवयुवक मण्डल की ओर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो नवलसागर तालाब स्थित गणेश व्यायामशाला से अभयनाथ महादेव मंदिर , बालंचदपाड़ा, नाहर का चोहटा, चौमुखा बाजार, सूर्यमल्ल मिश्रण चौराहा से लंकागेट स्थित लंकविजेश्वर हनुमान मंदिर पहुंचेगी।
शोभायात्रा में चार अखाड़े आकर्षण का केंद्र रहेंगे। ओम सुंदरकाण्ड नवयुवक मण्डल अध्यक्ष सलील भाटी व संयोजक सुरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि शाम पांच बजे शोभायात्रा शुरू होगी। शोभायात्रा के मुख्य अतिथि कोटा के सनातन पुरी महाराज होंगे। उधर लंकागेट रेतवाली महादेव ट्रस्ट समिति व हनुमान नवयुवक मण्डल की संयुक्त बैठक शुक्रवार को हुई। प्रवक्ता कालू कटारा ने बताया कि शोभायात्रा पुष्प वर्षा व ठण्डाई पिलाकर स्वागत किया जाएगा। अखाड़े के उस्तादों का साफा बंधाकर स्वागत किया जाएगा। हनुमान की मुख्य झांकी की १०८ दीपों से महाआरती की जाएगी।
वाहन रैली निकाली
हनुमान जन्मोत्सव के तहत शुक्रवार को जयकारों के साथ मंशापूर्ण गणेश मंदिर से वाहन रैली निकाली गई। जिसमें शामिल युवाओं के हाथों में ध्वज थे। उन्होंने हनुमान के जयकारों से शहर को गुंजायमान कर दिया। वाहन रैली बालंचदपाड़ा, नाहर का चौहटा, कागदी देवरा, मोची बाजार, चौमुखा, चौगान दरवाजा, इंद्रामार्केट, अहिंसा सर्किल, नगर परिषद के सामने, सदर बाजार होते हुए बुलबुल के चबूतरे पर समापन हुआ।
पुलिस ने सशस्त्र फ्लैग मार्च निकाला
शहर में शांति व सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस व प्रशासन के इंतजाम पुख्ता हैं। बड़ी संख्या में सशस्त्र पुलिस जवान शहर के चप्पे-चप्पे की निगाहें रखे हुए हैं। पुलिस की हर तरफ नजरें गढ़ी है, खासकर संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस का पूरी तरह से अंकुश रहेगा। ऐसे में शुक्रवार शाम को पुलिस कंट्रोल रूम के यहां से एसटीएफ, आरएसी कंपनी के जवान व जिलेभर के पुलिस जवानों का फ्लैग मार्च निकाला गया।
सशस्त्र पुलिस जवानों का मार्च शहर के चौमुखा बाजार, तिलक चौक, उपरला बाजार, कागदी देवरा, ब्रह्मपुरी, मीरागेट, लंकागेट, बायपास रोड सहित प्रमुख मार्गों से निकाला। भारी पुलिस बल के जवानों को बाजार में देखने के लिए लोगों की रास्तों पर भीड़ लग गई। इस दौरान आम रास्तों पर जाम के हालात पैदा हो गए।
इक्कीस लड्डू का लगाएंगे भोग
मालनमासी बालाजी मित्र मण्डल सेवा समिति की ओर से हनुमान जन्मोत्सव पर मालनमासी बालाजी मंदिर परिसर में भजन संध्या होगी। अध्यक्ष बृजेश गौतम ने बताया कि खाटू श्याम कृपा पात्र की ओर से भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। बालाजी के २१ किलो लड्डू का भोग लगाया जाएगा
Published on:
30 Mar 2018, 11:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.