
नैनवां. सामुदायिक चिकित्सालय की लम्बे समय तक बिजली गुल रही। बिजली बंद होने से सोमवार को लेब में मरीजों की जांच व एक्सरे कार्य ठप हो गया। वार्डो में अंधेरा हो गया और कूलर व पंखे भी बंद पड़े रहे। प्रसूति वार्ड में नवजात शिशुओं व प्रसूताओं को गत्तों की बिजणी बनाकर हवा करनी पड़ी। चिकित्सालय सूत्रों ने बताया कि विद्युत लाइन में आए फाल्ट के बाद से ही बिजली बंद पड़ी है। शनिवार रात दो बजे चिकित्सालय के बाहर लगे ट्रांसफार्मर के साथ ही आधे चिकित्सालय की बिजली बंद हो गई। रविवार सुबह आठ बजे फिर ट्रांसफार्मर में फाल्ट से चिकित्सालय में लगे चेंजवर व विद्युत फिटिंग जल जाने से बिजली गुल हो गई। जिससे सोमवार को लेब में मरीजों की जांचें व एक्सरे नही हो पाए। केबल की व्यवस्था नहीं हो पाने से बिजली चालू नहीं हो पाई।
आंखों देखी…
दोपहर एक बजे संवाददाता चिकित्सालय पहुंचा तो वार्ड की बिजली बंद होने से प्रसूति वार्ड में भर्ती प्रसूताएं व शिशु गर्मी के मारे बेहाल हो रहे थे। वार्ड में आठ प्रसूताओं के साथ उनके शिशु भर्ती थे। उनके साथ आई परिवार की महिलाएं प्रसूताओं व शिशुओं के गत्तों से हवा उड़ा रही थी। कचरावता गांव की श्रवणीबाई ने बताया कि शनिवार रात से ही बिजली बंद है। रविवार रात को भी बिजली नही हुई, जिससे वार्ड में मोमबत्ती से उजाला व गत्तों से हवा उड़ानी पड़ रही है। बम्बूली गांव निवासी शिमला बाई ने बताया कि शनिवार रात दो बजे से ही बिजली बंद पड़ी है।
शिकायत मिली तो हरकत में आया प्रशासन
सोमवार को भी चिकित्सालय की बिजली बंद रहने की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया। नैनवां शहर भाजपा अध्यक्ष पुखराज ओसवाल ने उपखंड अधिकारी से बिजली बंद होने की शिकायत की तो उपखंड अधिकारी पूजा सक्सेना ने तहसीलदार गजराज सिंह के साथ विद्युत निगम के सहायक अभियंता केसी सैनी व कनिष्ठ अभियंता धनराज मीना को चिकित्सालय की विद्युत आपूर्ति बहाल करवाने के लिए भेजा।
अधिकारियों को अवगत करवाया
सामुदायिक चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. समदरलाल मीना का कहना है कि चिकित्सालय के बाहर लगे ट्रांसफार्मर में तेज आवाज होने के साथ ही चेंजवर व विद्युत फिटिंग जल जाने से चिकित्सालय की बिजली बंद हो गई। सोमवार को ही विद्युत निगम अधिकारियों को स्थिति से अवगत करवा दिया था।
कॉपर केबल लगानी होगी
विद्युत निगम के सहायक अभियंता केसी सैनी का कहना है कि विद्युत ट्रांसफार्मर सही है। ट्रांसफार्मर से चिकित्सालय तक बिजली आ रही है। विद्युत लोड अधिक व केबल की क्षमता कम होने से चेंजवर व विद्युत फिटिंग जलने से बिजली बंद हुई है। क्षमता बढ़ाने के लिए चिकित्सालय प्रशासन को एल्युमिनियम की केबल की जगह कॉपर की केबल लगानी होगी।
अस्थाई रूप से चालू करवाएंगे
तहसीलदार गजराज सिंह ने बताया कि चिकित्सालय के मीटर तक लाइट आ रही है। मीटर के बाद से ही चिकित्सालय की विद्युत फीटिंग जल गई। विद्युत निगम के अभियंताओं के सहयोग से अस्थाई रूप से बिजली चालू करवा दी जाएगी। चिकित्सालय प्रभारी को विद्युत फिटिंग के लिए उपकरणों की व्यवस्था करने को कह दिया।