
तलाई में फिर मृत मिली सैंकड़ों मछलियां
भण्डेड़ा. कस्बे के निकट स्थित तलाई में मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में मृत मछलियां देख ग्रामीण हैरत में पड़ गए। एक साथ सैंकड़ों मछलियों की मौत पर ग्रामीणों ने रोष व्यक्त किया। उन्होंने मामले की जानकारी सरपंच को दी। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार शाम तक पानी में मछलियां जीवित हाल में देखी थी। ग्रामीण महावीर शर्मा, बद्रीलाल शर्मा, प्रभुलाल, सत्यनारायण व सलीम मोहम्मद ने बताया कि सुबह तलाई में मृत मछलियां देखी, पानी में बदबू आ रही थी। ऐसे में किसी ने जानबूझकर पानी में कुछ जहरीला पदार्थ डाला है, जिससे मछलियां मर गई। गौरतलब है कि गत एक जून की रात को भी किसी ने पानी में कुछ डाला था। दो जून सुबह बड़ी संख्या में तलाई में मृत मछलियां देखी थी। लेकिन उस समय भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
अब वापस डेढ़ माह बाद उसी तलाई में सैंकड़ों मछलियां मृत मिली है। लोगों ने पुलिस को भी सूचित किया है। इस मामले में सरपंच मनीषा शर्मा ने बताया कि तलाई में जहरीला पदार्थ डालकर मछलियों को मारने की ग्रामीणों ने जानकारी दी है। मृत मछलियों को तलाई से निकलवाकर गड्ढे में दफनाया है। उक्त घटना दूसरी बार हुई है। इसकी रिपोर्ट देई थाने में देंगे। ताकि प्रभावी कार्रवाई हो सके।
पूरा गांव करता है रक्षा
ग्रामीणों ने बताया कि तलाई में भीषण गर्मी में भी पानी खत्म नहीं होने दिया जाता। ग्रामीण हर हाल में तलाई में पानी की व्यवस्था करते हैं। जिससे तलाई का पानी खत्म ना हो। ग्रामीणों के अनुसार बीते सात वर्षों से नलकूपों से लाइन डालकर तलाई में मछलियों के लिए पानी भरने का काम पूरा गांव करता है। ग्रामीण मछलियों को जीवित रखने के लिए सभी जतन करते हैं। इसके साथ ही तलाई में किसी भी मछली का शिकार नहीं होने देते। ग्रामीणों ने बताया कि तलाई में किसी भी मछली का शिकार नहीं होने देते। इसके लिए गांव के लोग तलाई पर पूरी निगरानी रखते हैं। किसी भी शिकारी को आस-पास नहीं आने देते।
पुलिस नहीं करती कार्रवाई
ग्रामीणों ने बताया कि डेढ़ माह में दूसरी बार वारदात हुई है। पानी में अज्ञात लोग कुछ मिला रहे हैं। जिससे मछलियों की मौत हो रही है। इस मामले में समाचार पत्रों में खबर भी प्रकाशित हुई थी। फिर भी पुलिस व प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया।
Published on:
18 Jul 2018 12:14 pm
