
यहाँ 6 दिन से ताले में बंद है भगवान सुकराय...आखिर क्या है मामला पढ़िए यह खबर
बूंदी. गेण्डोली थाना क्षेत्र के झालीजी का बराना कस्बे में भगवान सुकराय शुक्रवार को छठे दिन भी ताले में बंद रहे। यहां मंदिर की सेवा-पूजा के ओसरे को लेकर पुजारियों के परिवारों के बीच हुए विवाद के बाद भगवान सुकराय 29 जुलाई से ही ताले में बंद हैं।
भगवान की पूजा-अर्चना भी नहीं हो रही बताई। ग्रामीण मंदिर में दर्शनों के लिए आ रहे हैं, लेकिन उन्हें भी बाहर ताले से ही दर्शन करने पड़ रहे हैं। ग्रामीण इस मामले के निपटारे के लिए गेण्डोली थाना पुलिस और जिला कलक्टर से भी गुहार लगा चुके है।
दोनों ही जगहों से निस्तारण की कोई उम्मीद नहीं दिखने से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। मंदिर पर विवाद की नौबत बढ़ती देख फिलहाल समिति ने अपने स्तर पर दो गार्ड तैनात कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि जिला कलक्टर ने मामले की पड़ताल के लिए केशवरायपाटन तहसीलदार को भी झालीजी का बराना भेजा था। इसके बाद अभी प्रशासन किसी भी नतीजे पर नहीं पहुुंचा।
गांव का बड़ा मंदिर
भगवान सुकराय मंदिर को ग्रामीण बड़ा मंदिर के नाम से भी पुकारते हैं। यहां नियमित मंगला आरती के साथ सेवा-पूजा होती है। सावन के महिने में महिलाएं हरबार भजन-कीर्तन करती है। ऐसे में इस वर्ष सावन के माह में भगवान के ताले में बंद होने से ग्रामीणों की भावना आहत हो रही है।
विवाद अपनी जगह मंदिर का ताला तो खोलो
गांव के बुजुर्गों ने पुजारियों के भगवान के मंदिर पर ताला लगाने पर गहरी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि मंदिर की पूजा-अर्चना के लिए ग्रामीणों और मंदिर समिति ने पुजारियों का ओसरा निर्धारित कर रखा है। मंदिर पूरे गांव का है।
ऐसे में पुजारियों के पारिवारिक विवादों के चलते मंदिर पर ताला लगाने का निर्णय उचित नहीं है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द विवाद का निपटारा नहीं किया तो मंदिर का ताला तोडऩे को मजबूर होंगे।
Published on:
04 Aug 2018 02:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
