
मतदान को लेकर अब महिलाएं आई आगे, महिला मार्च निकाला, तो बूंदी की सडक़ों पर दिखा यह रंग
बूंदी. मतदाता जागरूकता के लिए चलाए जा रहे सतरंगी सप्ताह के तहत मंगलवार सुबह मातृशक्ति ने मतदाता जागरूकता की आवाज बुलंद की। महिला मार्च के माध्यम से मातृ शक्ति ने हर एक मतदाता से मतदान का आह्नान करते हुए शत-प्रतिशत मतदान की अपील की। इस आयोजन की थीम हरा रंग रखी गई थी जिस के अनुसरण में महिलाओं ने हरे परिधानों में प्रात: की बेला में मताधिकार प्रयोग का संदेश गुंजायमान किया।
महिला मार्च का आरंभ उपखंड अधिकारी एवं सहायक रिटर्निग अधिकारी बूंदी कमल कुमार मीणा ने किया। उन्होंने इस अवसर पर आमजन का आह्वान किया कि लोकतंत्र के इस महायज्ञ में सभी मतदाता मतदान अवश्य करते हुए अपनी मजबूत भागीदारी निभाएं। महिला मार्च की संयोजिका जिला शिक्षा अधिकारी तेजकंवर के निर्देशन में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय महारानी से प्रारंभ होकर चौहान गेट तक पहुंचा। इसमें महिलाएं, युवतियां व छात्राएं सभी शामिल हुई और मताधिकार प्रयोग का संदेश दिया। महिला मार्च के अंत में उपखंड अधिकारी मीणा ने मताधिकार प्रयोग की शपथ दिलाई। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश गोस्वामी एवं शिक्षण संस्था प्रधान, शिक्षक स्काउट गाइड मौजूद रहे। संचालन सर्वेश तिवारी ने किया।
Updated on:
23 Apr 2019 01:12 pm
Published on:
23 Apr 2019 01:12 pm
