
पंचायत भवन पर ही सरपंच ने कर लिया कब्जा, ग्रामीण भडक़े
नमाना. लोईचा सरपंच की ओर से पंचायत भवन में कब्जा जमाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को आयोजित न्याय आपके द्वार शिविर में हंगामा कर दिया। शिविर प्रभारी के निर्देश पर विकास अधिकारी ने मौके पर जाकर जांच की तो कब्जा मिला। सरपंच को कब्जा हटाने के सम्बंध में नोटिस जारी करने पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
लोईचा पंचायत मुख्यालय पर मंगलवार को न्याय आपके द्वार शिविर आयोजित हुआ था। शिविर शुरू होते ही ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए शिकायत दी कि पिछले एक माह से सरपंच सीमा वर्मा ने पंचायत भवन के कमरे में कब्जा कर अपना निवास बना रखा है। इसकी जांच कर कब्जा हटाया जाए। ग्रामीणों के रोष को देखते हुए शिविर प्रभारी व उपखंड अधिकारी दिव्यांशु शर्मा ने विकास अधिकारी को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। विकास अधिकारी ने जांच की तो कमरे में सरपंच का घरेलू सामान मिला। वहां पर सरपंच के बच्चे भी सो रहे थे। विकास अधिकारी ने इस मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल प्रभाव से सरपंच वर्मा को पंचायत भवन खाली करने के निर्देश दिए। तत्काल भवन खाली नहीं किया गया तो कानूनी कार्रवाई के लिए नोटिस जारी कर दिया।
अनियमितताओं की भी शिकायत
शिविर में नमाना भाजपा मंडल महामंत्री हरि सिंह हाड़ा ने लोईचा पंचायत में अनियमितताएं होने की शिकायत देते हुए बताया कि बरधा बांध की नहर के पास पंचायत ने ग्रेवल सडक़ का निर्माण करना बताया है, जबकि वहां पर अभी तक कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ और राशि भी उठा ली गई। वही सुंदरपुरा गांव में पंचायत द्वारा अभी तक कोई भी कार्य नहीं करवाया गया। शिविर प्रभारी दिव्यांशु शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विकास अधिकारी को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विकास अधिकारी घनश्याम शर्मा का कहना है कि सरपंच ने पंचायत भवन में अपना निवास बना रखा था। जांच में पुष्टि हुई है। पंचायत अधिनियम के तहत नोटिस जारी कर दिया है। सचिव को भी भवन खाली कराने के निर्देश दिए हैं। पंचायत भवन को निवास बनाना गैरकानूनी है।
लोईचा सरपंच सीमा वर्मा क ा कहना है कि किसी कारणवश भवन में सामान डाला था। अब खाली कर दिया जाएगा।
Published on:
13 Jun 2018 12:26 pm
