
टीका लगने से बुखार आया और दिमाग में चढ़ गया
बूंदी. रामनगर कंजर कॉलोनी में बच्चे की मौत के प्रकरण की जांच करवाने और परिजनों को आर्थिक सहायता की मांग को लेकर कांग्रेस नेता समृद्ध शर्मा की अगुवाई में परिजन जिला कलक्टर से मिले।यहां जिला कलक्टर को सौंपे पत्र में बताया कि आसकिरण के मासूम बालक आयुष की टीका लगाने के बाद बिगड़ी तबीयत से हुई।
उन्होंने बताया कि १९ जुलाई को सुबह करीब दस बजे बच्चे को रामनगर आंगनबाड़ी केंद्र पर नर्स ने टीका लगायाथा। इसके करीब बीस मिनट बाद ही वह बेहोश हो गया। इस बारे में नर्स को बताया भी लेकिन उसने अनसुना कर दिया।
बीस जुलाई को बूंदी जिला चिकित्सालय लाए तो प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटा रैफर कर दिया।कोटा के निजी चिकित्सालय में इलाज कराया, लेकिन उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने बताया कि टीका लगने के बाद भारी बुखार आया और बुखार दिमाग में चढ़ गया।
वह कोमा में चला गया और उसकी मौत हो गई।परिजनों ने बताया कि बच्चे के इलाज में करीब सवा लाख रुपए खर्च हो गए।समृद्ध शर्मा ने बताया कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। साथ ही पीडि़त परिवार को सरकार उचित मुआवजा दें।
बीते एक माह से गंदा पानी पीने को मजबूर बाशिंदे
बूंदी. बीते एक माह से गंदा पानी पीने को मजबूर हो रहे बीबनवा रोड के बाशिंदों ने शुक्रवार को जलदाय विभाग कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया।
करीब एक घंटे तक नारेबाजी कर लोगों ने जल्द समस्या हल करने की मांग की। शहर के वार्ड नंबर ३० बीबनवा रोड ज्योतिबा फूले नगर के सामने रहने वाले बाशिदें बीते एक माह से गंदा पानी पीने को मजबूर हो रहे है।
कॉलोनी में गंदा पानी पीने के चलते कई लोग बीमार हो गए हैं। कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करवाया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। इस दौरान राजेश शर्मा, हनुमान सिंह, दुर्गा बाई, गीता बाई, रेखा राठौर आदि लोग मौजूद थे।
Published on:
28 Jul 2018 03:44 pm
