बुरहानपुर. लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर जिला पंचायत कार्यालय में महिला सम्मेलन एवं कौशल विकास की कार्यशाला का आयोजन किया गया। देवी अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित फिल्म दिखाने के साथ महिला अपराध पर अंकुश लगाने एवं विधिक सेवा से मिलने वाली कानूनी सहायता की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा कि देवी अहिल्याबाई के जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके संकल्पों को अपनाते हुए महिलाएं अपने जीवन में आगे बढ़े। जिला पंचायत सीईओ लता शरणागत, विधिक सहायता अधिकारी अनुपमा मुजाल्दे ने महिलाओं के अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में भी जानकारी दी। महिलाओं पर होने वाले किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठाकर न्याय दिलाने एवं कानून से मिलने वाली सहायता की जानकारी दी।
महिला सम्मेलन में होमगार्ड विभाग द्वारा आपदा के समय बचाव एवं घर में काम करने के दौरान गैस सिलेंडर में लगने वाली आग की घटनाओं पर कैसे काबू किया जाए यह तरीका भी समझाया गया। होमगार्ड कमांडेंड मीनाक्षी चौहान ने आपदा प्रबंधन एवं बचाव को लेकर जरूरी बातें कार्यशाला में महिलाओं को सिखाई गई। सिलेंडर में लगी आग पर पानी या गीला कपड़ा डालकर तुरंत स्विच बंद करने एवं आग बढऩे पर आसपास के लोगों को अलर्ट करने के लिए कहा गया।