दोपहिया वाहन बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी हीरो मोटोकॉर्प की प्रवर्तक कंपनी हीरो समूह ने इस कंपनी में अपनी चार प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी है और इससे उसे करीब 1800 करोड़ रुपए मिलने का अनुमान है।
हीरो समूह के अध्यक्ष बृजमोहन लाल मुंजाल ने जारी बयान में कहा है, 'कारोबार में विविधता लाने के उद्देश्य से समूह की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी हीरो मोटोकॉर्प में चार प्रतिशत हिस्सेदारी अर्थात 70 लाख इक्विटी शेयर की बिक्री की गई है।
हिस्सेदारी बिक्री के बाद हीरो समूह की हीरो मोटोकॉर्प में 36प्रतिशत हिस्सेदारी या पांच अरब से अधिक शेयर रह गए है। प्रमुख शेयर बाजार बीएसई के आंकड़ों के अनुसार दिसंबर 2014 के अंत तक हीरो मोटोकॉर्प में प्रवर्तक कंपनी की हिस्सेदारी 39.92 प्रतिशत थी।
बयान के अनुसार हिस्सेदारी बिक्री से प्राप्त राशि का इस्तेमाल सरकार की महात्वाकांक्षी परियोजना 'मेक इन इंडिया' के जरिए नए कारोबार शुरू करने में किया जाएगा।
हीरो समूह ने कहा कि इससे उसका दोपहिया वाहन कारोबार प्रभावित नहीं होगा क्योंकि वह देश और विदेशों में इस कारोबार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि दिसंबर 2010 में हीरो समूह और होंडा की 26 साल पुरानी भागीदारी टूट गई थी और भारतीय साझेदार ने संयुक्त उपक्रम में होंडा की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी को 3841.83 करोड़ रुपए मेंं खरीद लिया था।