
स्टील शेयरों में तेजी देखी जा रही है। (PC: AI)
Steel Stocks Rise: शेयर बाजार में इस वक्त स्टील सेक्टर के शेयरों में अच्छी-खासी तेजी देखी जा रही है। मंगलवार को स्टील कंपनियों के शेयरों ने जोरदार रफ्तार पकड़ी और कई स्टॉक्स नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। बाजार को इस सेक्टर से अब लंबी रेस की उम्मीद दिख रही है। मंगलवार को टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील और सेल जैसे बड़े नामों में खरीदारी देखने को मिली है।
टाटा स्टील ने 218.24 रुपये का रिकॉर्ड स्तर छू लिया है। जेएसडब्ल्यू स्टील करीब 2% चढ़कर 1305.90 रुपये पर पहुंचा है। वहीं, सेल 2.7% उछलकर 189.05 रुपये के 52 हफ्ते के हाई पर पहुंच गया है। यह तेजी यूं ही नहीं आई है। ब्रोकरेज कंपनियों का मानना है कि भारत अब ग्लोबल स्टील डिमांड के लिए बड़ा प्लेयर बनने जा रहा है। एक समय था जब चीन इस सेक्टर का बादशाह था, लेकिन अब उसकी पकड़ ढीली पड़ रही है। ऐसे में भारत के लिए बड़ा मौका बन रहा है।
गोल्डमैन सैश जैसी ग्लोबल ब्रोकरेज का कहना है कि आने वाले सालों में भारत स्टील की खपत का सबसे बड़ा ड्राइवर बन सकता है। अनुमान है कि FY32 तक देश में स्टील की खपत करीब दोगुनी होकर 212 मिलियन टन तक पहुंच सकती है। इंफ्रास्ट्रक्चर, शहरीकरण और मैन्युफैक्चरिंग की बढ़ती रफ्तार इस मांग को लगातार बढ़ाएगी।
ब्रोकरेज हाउस ने कुछ स्टॉक्स पर खास भरोसा जताया है। जेएसडब्ल्यू स्टील और श्याम मेटालिक्स पर खरीदारी की सलाह दी है। टाटा स्टील और जिंदल स्टील पर न्यूट्रल रुख रखा है। वहीं, एनएमडीसी पर बिकवाली की सलाह दी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले सालों में कंपनियों की कमाई भी तेजी से बढ़ेगी। FY28 तक मुनाफे के मार्जिन में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है।
जेफरीज के मुताबिक, चीन में स्टील उत्पादन और एक्सपोर्ट घटने से एशियाई बाजार में संतुलन बन रहा है। इसका फायदा भारतीय कंपनियों को मिल रहा है, क्योंकि कीमतों पर दबाव कम हुआ है। अनुमान है कि आने वाले सालों में स्टील की कीमतें स्थिर रहेंगी और कंपनियों की कमाई मजबूत होगी। हालांकि, मिडिल ईस्ट में भू-राजनीतिक तनाव जैसे जोखिम पर नजर रखना जरूरी रहेगा।
Updated on:
28 Apr 2026 03:13 pm
Published on:
28 Apr 2026 03:13 pm
