
शेयर बाजार में भारी गिरावट देखी जा रही है। (PC: AI)
सोमवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार को बड़ा झटका लगा। इस्लामाबाद में हुई अमेरिका ईरान शांतिवार्ता के फेल होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई, जिसके चलते वैश्विक वित्तीय बाजारों को झटका लगा। पिछले सप्ताह युद्धविराम की उम्मीद से बाजार में आई तेजी अब कमजोर पड़ती दिख रही है। इसी बीच भारतीय शेयर बाजार के सेंसक्स और निफ्टी दोनों ही स्टॉक एक्सचेंज में भारी गिरावट देखी गई।
भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को बेहद कमजोर शुरुआत की। बीएसई सेंसेक्स 1,613 अंक यानी करीब 2 प्रतिशत गिरकर 75,937 पर खुला, जबकि निफ्टी फिफ्टी 461 अंक गिरकर 23,589 पर पहुंच गया। प्री-ओपन सेशन में ही बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। बाजार में लगभग सभी सेक्टर लाल निशान में रहे, केवल सन फार्मा को छोड़कर बाकी सभी शेयर दबाव में दिखे। निवेशकों ने जोखिम से बचने के लिए तेजी से बिकवाली की, जिससे बाजार का सेंटीमेंट कमजोर हो गया।
मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ गया है, क्योंकि शांति वार्ता विफल रही। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की घेराबंदी के आदेश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। इसका सीधा असर क्रूड ऑयल की कीमतों पर पड़ा। ब्रेंट क्रूड करीब 6.8 प्रतिशत बढ़कर 102 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया। ऑयल कीमतों में तेजी से महंगाई बढ़ने की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे निवेशकों की चिंता गहरा गई है।
क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल और डॉलर की मजबूती के अलावा वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत भी भारतीय शेयर बाजार के लिए सोमवार को गिरावट लेकर आए। इस गिरावट का असर भारतीय मुद्रा पर भी पड़ा। रुपया 55 पैसे गिरकर 93.28 प्रति डॉलर पर खुला। वहीं अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और जापान के 10 साल के बॉन्ड यील्ड में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे वैश्विक बाजारों पर दबाव बना।
एसएंडपी 500 वायदा में 0.7% की गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में भी गिरावट देखी गई। जापान का टॉपिक्स 0.2 फीसदी, ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 0.4 फीसदी, हांगकांग का हैंग सेंग 1.1 फीसदी, शंघाई कंपोजिट 0.3 फीसदी और यूरो स्टॉक्स 50 वायदा 1.2 फीसदी गिर गया। हालांकि गिरावट बहुत ज्यादा नहीं रही, जिससे संकेत मिलता है कि निवेशक अभी भी किसी समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं।
Updated on:
13 Apr 2026 10:13 am
Published on:
13 Apr 2026 09:46 am
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
