
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
चंदौली: इलिया पुलिस ने एक शातिर गौ तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से फरार था और इसे पकड़ने के लिए 75 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। बताया जा रहा है कि पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई है और पकड़ा गया गौ-तस्कर लंबे समय से यूपी के विभिन्न जिलों में सक्रिय था।
जानकारी के मुताबिक इलिया थाना प्रभारी चंदन कुमार राय अपनी टीम के साथ इलाके में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मंगलवार देर रात ग्राम बेन के पास स्थित बनरसिया माइनर तिराहा के समीप से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि उसका नाम भगवान यादव है जो बिहार के चैनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
इसी दौरान पुलिस को जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि पकड़े गए आरोपों पर नौगढ़ थाने से 50 हजार रुपए और सोनभद्र के रायपुर थाने से 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद हुआ है। इसके साथ ही आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड फोन और 450 रुपए कैश भी बरामद हुआ है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सोनभद्र के घोरावल क्षेत्र से गोवंश की खरीदारी करता था और उन्हें ले जाकर बिहार में बेच दिया करता था। उसने बताया कि इस दौरान अपनी सुरक्षा के लिए अपने पास अवैध असलहा भी रखा करता था। वहीं, पुलिस ने बताया कि आरोपी एक गिरोह से जुड़ा हुआ है और इस तरह की गतिविधियों में लंबे समय से शामिल है।
पुलिस ने बताया कि भगवान यादव के खिलाफ चंदौली और सोनभद्र के अलग-अलग थानों में लगभग 9 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसी धाराएं भी शामिल हैं।
वहीं, इलिया पुलिस ने इस मामले में एक और मुकदमा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। फिलहाल, पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही दिनों के अन्य सदस्य भी पुलिस के गिरफ्त में होंगे।
Published on:
08 Apr 2026 01:16 pm
बड़ी खबरें
View Allचंदौली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
