
ये सोनी की शादी की फोटो है।इसमें वह अपनी दो बहनों के साथ हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया खुर्द गांव में खौफनाक मंजर देखने को मिला। आरोपी गौतम कुमार खरवार उर्फ बाचा का अपनी पत्नी सोनी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार शाम को हालात तब बेकाबू हो गए जब सोनी का अपनी सास मीरा देवी से झगड़ा हुआ। गौतम का दावा है कि उसने अपनी पत्नी को मां के साथ मारपीट करते देखा तो उसका खून खौल उठा। गुस्से में आकर उसने पास ही रखे हैंडपंप का हत्था उठाया और सोनी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर लगी गंभीर चोटों के कारण सोनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या करने के बाद उसने सोनी के शव को एक चादर में लपेटा और फिर उसे बोरे में बंद कर दिया। अपनी कार में लाश को रखकर वह रात के अंधेरे में घर से निकला। करीब 90 किलोमीटर दूर चकिया कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में पहुंचा। वहां जिलेबिया मोड़ के पास गहरी खाई में शव को फेंक कर वह वापस लौट आया। इसके बाद कार को सर्विसिंग के बहाने एजेंसी में खड़ा कर दिया।
रविवार सुबह सोनी की बहनें सोनम और पिंकी ने जब उसे फोन किया तो गौतम और उसके परिवार वाले बात कराने में टालमटोल करने लगे। शक होने पर बहनें सीधे बिछिया खुर्द गांव पहुंचीं। वहां सोनी के 5 साल के बेटे तेजस ने रोते हुए वह सच बता दिया, जिसे सुनकर सबके होश उड़ गए। मासूम ने बताया कि पापा-मम्मी को मारकर कार से कहीं ले गए हैं। इसके बहनों ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस की पूछताछ में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। गांव वालों की मानें तो गौतम बचपन से ही फिजूलखर्ची का आदी था और उस पर काफी कर्ज भी था। इसी वजह से वह अक्सर तनाव में रहता था। वहीं पड़ोसियों का कहना है कि घर में आए दिन सोनी का अपने सास-ससुर से झगड़ा होता था। विवाद इस हद तक बढ़ चुका था कि गौतम अपने माता-पिता से अलग रहने लगा था।
सदर कोतवाली पुलिस और सीओ देवेंद्र कुमार ने छापेमारी क आरोपी गौतम और उसके पिता रामलखन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पहाड़ियों से सोनी का क्षत-विक्षत शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हैंडपंप का हैंडल और वह कार भी बरामद कर ली है, जिससे लाश को ठिकाने लगाया गया था। महिला की शादी 6 साल पहले हुई थी। उनका 5 साल का एक बेटा है।
Updated on:
06 Apr 2026 09:28 am
Published on:
05 Apr 2026 11:25 pm
बड़ी खबरें
View Allचंदौली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
