
38 दिन में 150 पॉक्सो, 126 महिला अपराध के मामले एआइएडीएमके ने एआइएडीएमके ने सरकार पर उठाए सवाल
चेन्नई में कानून व्यवस्था को लेकर सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। एआइएडीएमके महासचिव एडपाडी के. पलनीस्वामी ने गुरुवार को TVK सरकार के 38 दिन के कार्यकाल के दौरान बढ़ते अपराध और अधूरी चुनावी वादों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
एआइएडीएमके के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री पलनीस्वामी ने सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि TVK सरकार की शुरुआत के बाद से 38 दिनों में बच्चों के लैंगिक अपराध संरक्षण कानून (पॉक्सो एक्ट) के तहत 150 मामले दर्ज हुए हैं। इसके अलावा महिलाओं के खिलाफ लैंगिक अपराधों के 126 मामले भी सामने आए हैं। पलनीस्वामी के अनुसार, सार्वजनिक सुरक्षा अब भी बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है।
पलनीस्वामी ने कहा कि सरकार ने विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान जनता से जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए हैं। उनका कहना है कि राज्यपाल के अभिभाषण से जनता को नई योजनाओं की उम्मीद थी, लेकिन उसमें अधिकांश बातें पहले ही श्वेत पत्र में बताई जा चुकी थीं। उन्होंने सरकार पर जनता से किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बिना सूचना के बिजली कटौती के मसले को भी उठाया। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती से घरों और कारोबार दोनों जगह लोगों को परेशानी हो रही है। पलनीस्वामी के अनुसार, सरकार को पर्याप्त बिजली खरीदकर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए थी, लेकिन हर बार अलग-अलग कारण बताकर स्थिति को टाल दिया जाता है।
पलनीस्वामी ने पार्टी में मतभेद की खबरों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति या राजनीतिक ताकत एआइएडीएमके को कमजोर नहीं कर सकती। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी जनता के समर्थन से फिर सत्ता में लौटेगी। उनका कहना है कि एआइएडीएमके एक मजबूत और जीवंत आंदोलन है, जिसे कोई भी ताकत हिला नहीं सकती।
Published on:
19 Jun 2026 03:06 pm
बड़ी खबरें
View Allचेन्नई
तमिलनाडु
ट्रेंडिंग
