
कोयम्बत्तूर. हौजरी सिटी तिरुपुर में बाइक सवार दो नाइजीरियन की टक्कर से घायल हुए दम्पती के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग ने जोर पकड़ लिया है।पिछले शुक्रवार को हुए हादसे के बाद लोगों ने दोनों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने बाद कोई मामला दर्ज किए बिना चेतावनी दे कर दोनों को छोड़ दिया।बताया जाता है कि हादसे में घायल महिला गर्भवती है। उसकी तबीयत बिगडऩे पर लोग भड़क उठे। लोगों ने पेथिचेट्टीपुरम इलाके में नाइजीरियन उद्यमियों की हॉजरी फैक्ट्री को घेर कर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पुलिस तत्काल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करे।प्रदर्शनकारियों ने बताया कि हादसा का कारण दोनों का नशे में होना था। वे टक्कर मार कर भाग निकले थे। जबकि उन्हें दम्पती को संभालना चाहिए था।इधर पुलिस ने जनता के आक्रोष को देखते हुए दोनों को थाने में बुलाया व पूछताछ की जा रही है।
बाइक से टकरा कर दम्पती गिर गए
घटनाक्रम के अनुसार उथुकुली इलाके में सुबह एक बाइक पर दो नाइजीरियन तेजी से जा रहे थे। उन्होंने आगे मोटरसाइकिल पर जा रहे एक स्थानीय दम्पती को ओवरटेक करने की कोशिश की। इस चक्कर में उनकी बाइक से टकरा कर दम्पती गिर गए। आसपास जा रहे लोगों में से कुछ ने तो दम्पती को संभाला जबकि कुछ लोगों ने दोनों नाइजीरियन को पकड़ लिया। तैश में आए लोगों ने उनके साथ मारपीट की। हांलाकि दोनों गलती के लिए हाथ जोड़ कर माफी मांगते रहे। भीड़ ने उनके मोबाइल फोन छीन कर तोड़ दिए। बाद में पुलिस को सौंप दिया। पता लगा है कि दोनों यहां हौजरी का बिजनेस करते हैं। पुलिस ने उनके दस्तावेजों की जांच कर चेतावनी दे कर छोड़ दिया था।उल्लेखनीय है कि अकेले तिरुपुर में करीब 200 नाइजीरियन हॉजरी के व्यापार से जुड़े हुए हैं। इनमें से चार ही व्यवसाय के लिए पंजीकृत हैं।
Updated on:
21 Mar 2018 01:42 pm
Published on:
21 Mar 2018 01:42 pm
