
मुख्यमंत्री समेत अन्य मंत्रियों पर स्टालिन ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
-राज्यपाल से मुलाकात कर की शिकायत
चेन्नई. डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारियों ने मंगलवार को राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात कर 97 पेज की शिकायत सौंपी, जिसमें एआईएडीएमके के भ्रष्ट कारनामों का पूरा विवरण था। पार्टी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एडपाडी के. पलनीस्वामी, उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम, मंत्री एसपी वेलमुणि, पी. तंगमणि, आर. कामराज, सी. विजयभास्कर, आरबी उदयकुमार और डी. जयकुमार ने अनियमितताएं की हैं और आय से अधिक संपत्ति जमा कर रखी है। राजभवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में स्टालिन ने कहा पार्टी ने पहले डीवीएसी को विस्तृत शिकायत प्रदान कर कार्रवाई की मांग की थी।
लेकिन हमारी शिकायत के आधार पर डीवीएसी द्वारा कार्रवाई नहीं की गई। जिसके परिणाम स्वरूप राज्यपाल से मुलाकात की गई और अनियमितताओं के प्रमाण के साथ विस्तृत शिकायत प्रदान कर भ्रष्टाचार निरोधक (संशोधन) अधिनियम 2018 के तहत कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध किया गया है। स्टालिन ने कहा कि शिकायत के बाद राज्यपाल ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय जे. जयललिता के निधन के बाद से पिछले चार वर्षो में एआईएडीएमके में भ्रष्टाचार गहरा गया है और यह इसका एक हिस्सा है। डीएमके अधिक सबूत इकट्ठा करने की प्रक्रिया में लगी हुई है। जल्द ही पार्ट टू के भ्रष्टाचार का खुलासा किया जाएगा। इस मौके पर स्टालिन के साथ पार्टी महासचिव एस. दुरैमुरुगन, कोषाध्यक्ष टीआर बालू, उपमहासचिव ए. राजा और राज्यसभा सांसद आरएस भारती व टीकेएस एलंगावन समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
Published on:
22 Dec 2020 04:07 pm
