
भरतादेव प्लांट भी जुड़ सकता है माचागोरा से
छिंदवाड़ा . चार जुलाई से शहर में एक दिन के अंतराल में पानी दिया जा रहा है। शहर के करीब बीस हजार से अधिक नल कनेक्शनों में ४८ घंटे के बाद पानी सप्लाई से लोगों को अब दो दिनों का पानी स्टोर करना पड़ रहा है। कन्हरगंाव डैम के जलस्तर पर अभी तक कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। इधर रिमझिम बारिश से डेड लेबल की व्यवस्था भी कर पाना सम्भव नहीं है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों ने निगम के अधिकारियों से भरतादेव फिल्टर प्लांट के रॉ-वाटर के लिए दूसरे विकल्पों पर विचार करना शुरू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि धरमटेकरी में ३५ एमएलडी के फिल्टर प्लांट के लिए माचागोरा डैम से पानी लिया जाएगा। इसके लिए अजनिया में पम्प भी लगाया जाएगा। अजनिया से भरतादेव की दूरी करीब १२ किमी है। अजनिया से ही एक अलग पाइपलाइन डालकर भरतादेव फिल्टर प्लांट के रॉ-वाटर के लिए पम्प से पानी भेजा जा सकता है। इसके लिए जलकार्य प्रभारी सभापति ने इंजीनियरों से डीपीआर, नक्शा, खर्च के सम्बंध में भी चर्चा की और प्रस्ताव बनाने की बात कही। पिछले वर्ष भी अगस्त से १० सितम्बर तक एक दिन के अंतराल में पानी सप्लाई की गई थी। उस समय भी तरह-तरह के प्रस्तावों पर निगम सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच चर्चा की गई थी, लेकिन कन्हरगांव डैम में ७११.८० पानी आने के बाद सब प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया।
जलसंकट से बचाने हर संभव प्रयास करेंगे
बीते तीन वर्ष से बारिश का साथ नहीं मिल रहा है। हमारे पास माचागोरा डैम का विकल्प मौजूद है तो अजनिया से भरतादेव फिल्टर प्लांट तक करीब १२ किमी पाइप लाइन डालकर पम्प के माध्यम से रॉ- वाटर भेजा जा सकता है। इससे शहर को भरपूर पानी मिलेगा। इसके लिए डीपीआर और प्रस्ताव को तैयार कर एमआईसी में भेजा जाएगा।
संतोष राय, सभापति जलकार्य एवं सीवरेज विभाग
जहां बोर वहां नियमित की जानी है जलआपूर्ति
छिंदवाड़ा .अनियमित जल आपूर्ति के निर्णय के बाद टंकियों से भले ही एक दिन के अंतराल में पानी की सप्लाई जानी है लेकिन जो क्षेत्र बोर पर निर्भर हैं वहां प्रतिदिन सप्लाई की जाएगी। इससे करीब दस हजार नल जल उपभोक्ताओं को नियमित पानी मिलेगा। दरअसल चार जुलाई से एक दिन के अंतराल में पानी दिए जाने की सूचना के बाद पेयजल विभाग के कई कर्मचारी बोर भी एक दिन के अंतराल में शुरू कर रहे हैं। जबकि एक दिन के अंतराल का नियम सिर्फ फिल्टर प्लांट से जुड़े नल जल उपभोक्ताओं के लिए ही लागू है। गुरुवार को नगरनिगम के उपयंत्री विवेक चौहान ने मामले को संज्ञान में लेने के बाद कर्मचारियों को बोर से प्रतिदिन सप्लाई के निर्देश दिए। शहर की १८ में से १७ टंकियों द्वारा शुक्रवार को पानी की सप्लाई नहीं की जाएगी जबकि नगरनिगम क्षेत्र के १४५ बोर द्वारा सप्लाई जारी रहेगी।
Published on:
06 Jul 2018 12:36 pm
बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
