
शहर में स्थित मटन मार्केट में बर्ड फ्लू की सेंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिले में हडक़म्प मच गया। जिले में बर्ड फ्लू की एंट्री के साथ ही कई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही हैं। इसी क्रम में जिले भर में पोल्ट्री व अन्य स्थानों से सेंपल लिए जा रहे हैं। इसी दौरान मोहखेड़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम बडग़ोनाजोशी (सालीमेटा) के दुर्गेश गढ़वाल पोल्ट्री फॉर्म के पांच सेंपल की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। इसके बाद जिला प्रशासन के साथ ही पशु चिकित्सा विभाग सतर्क हो गया। ग्राम में बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए सभी चिकन शॉप, बैकयार्ड पोल्ट्री फॉर्म को तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद एक किमी की परिधि क्षेत्र को संक्रमित क्षेत्र घोषित किया है। इसके साथ ही ग्राम बडग़ोनाजोशी के 10 किमी की परिधि क्षेत्र को सर्वेलेंस क्षेत्र घोषित किया गया है। वहीं एक किमी के क्षेत्र में होटल व ढाबा संचालक प्रकार के पोल्ट्री, अंडे एवं मांसाहारी भोजन 21 दिवस तक ग्राहकों को विक्रय नहीं करे जा सकेंगे।
संक्रमित क्षेत्र जहां पर बर्ड फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई वहां के चिकन शॉप मालिकों एवं पशु पालकों के परिवार एवं उनके संपर्क में आए व्यक्तियों के स्वैब नमूने लिए जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।
संक्रमित क्षेत्र की बिल्लियों एवं अन्य पशुओं पर विशेष नजर रखनी होगी। उनके बीमार होने पर तत्काल उन्हें आइसोलेट कर किसी एक निश्चित व्यक्ति के संरक्षण में रखा जाएगा, जिसकी सूचना पशु चिकित्सा विभाग को देनी होगी। जिला प्रशासन ने संक्रमित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को आगामी आदेश तक चिकन, अंडा का उपयोग नहीं करने की सलाह दी है। पोल्ट्री फॉर्म, बैकयार्ड पॉल्ट्री, चिकन शॉप, अंडा शॉप को प्रतिदिन डिसइन्फेक्टेड एवं सेनेटाइजेशन किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने बर्ड फ्लू की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद तत्काल सभी चिकन शॉप व बैकयार्ड पोल्ट्री फार्म बंद करवा दिए हैं। इसके साथ ही संक्रमित क्षेत्र में चिकन एवं पोल्ट्री प्रोडक्ट की बिक्री एवं परिवहन को पूर्णत: प्रतिबंधित किया है। संक्रमित क्षेत्र में पाई गई सभी मुर्गियों एवं अंडों को पशु चिकित्सा विभाग एवं नगरनिगम के सहयोग से नष्ट किया जाएगा।
Published on:
16 Feb 2025 11:34 am
