5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ganesh Chaturthi:बाहुबली अवतार में दिखेंगे यहां के राजा, बादशाह हाथ से लिखेंगे शुभ-लाभ

दस दिवसीय गणेश चतुर्थी उत्सव सोमवार से शुरु हो गया।

2 min read
Google source verification
Ganesh Chaturthi:बाहुबली अवतार में दिखेंगे यहां के राजा, बादशाह हाथ से लिखेंगे शुभ-लाभ

Ganesh Chaturthi:बाहुबली अवतार में दिखेंगे यहां के राजा, बादशाह हाथ से लिखेंगे शुभ-लाभ

छिंदवाड़ा. दस दिवसीय गणेश चतुर्थी उत्सव सोमवार से शुरु हो गया। गणपति की प्रतिमा खरीदने मूर्तिकारों के यहां दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही। भक्त ढोल-नगाड़े के साथ बप्पा को लेकर पंडाल एवं घर पहुंचे, जहां पर विधि-विधान से मूर्ति की स्थापना की गई। दस दिन तक चलने वाले उत्सव को लेकर शहर में चहल-पहल दिखी। घरों एवं कॉलोनियों में बप्पा को विराजमान करने के लिए बच्चों में खासा उत्साह दिखा। पैरेंट्स भी बच्चों की खुशियों में शामिल हुए। साज-सजावट के साथ बप्पा को पूरे विधान से स्थापित किया गया। पंडालों एवं घरों में बप्पा के अलग-अलग रूपों को विराजमान किया गया है। किसी पंडाल में गणपति घोड़े पर सवार नजर आए तो किसी में झूला झूलते तो कहीं क्रिकेट खेलते। कहीं पर बाल गणेश की मूर्ति स्थापित की गई तो कहीं पर बप्पा मां पार्वती और पिता शिव के साथ विराजमान हुए। भक्तों ने गणेश उत्सव पर पंडाल एवं घरों को खुबसूरत रूप में सजाया है। हालांकि कुछ जगहों पर साज-सज्जा के कार्य शेष रह जाने के कारण भक्तों को बप्पा के दर्शन नहीं हो पाए।

महाराजा को देखने लगी कतार, शाम को हुई महाआरती
मुंबई की तर्ज पर गजानन की बड़ी प्रतिमाएं भी शहर सहित जिलेवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सोमवार को गुरैया नाका पर छिंदवाड़ा के महाराजा इस बार नेपाल के प्रसिद्ध गुलक गणेश मंदिर जैसे स्वरूप और साज-सज्जा के साथ विधि विधान से विराजे गए। यहां भक्तों को बप्पा के दर्शन के लिए कपाट खोल दिए गए। दक्षिण की ओर मुख कर विराजे महाराजा के दस दिनी उत्सव के पहले दिन भव्य आरती की गई जो आकर्षण का केंद्र रही। यहां गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन महाआरती भक्तों द्वारा की जाती है।


हीरों की चमक बिखेरते भगवान गणेश के दर्शन
गोलगंज के कमानिया गेट के पास पिछले सात साल से विराजित किए जा रहे लंबोदर गणेश अपने विभिन्न स्वरूप के लिए खूब प्रसिद्ध हो रहे हैं। इस बार हीरों की चमक बिखेरते भगवान गणेश भक्तों को दर्शन देंगे। आयोजन से जुड़े रूपल बाकलीवाल ने बताया कि एक लाख अमेरिकन डायमंड से गणेश भगवान की प्रतिमा तैयार की गई है।


बाहुबली अवतार में दिखेंगे मोहननगर के राजा
विगत 14 वर्षो से श्री गणेश सेवा समिति द्वारा मोहन नगर का
राजा की स्थापना की जाती है। समिति सदस्यों ने बताया कि मोहन नगर के राजा की झांकी इस बार भी विशेष साज सज्जा के साथ भक्तों को दिखाई जाएगी। झांकी में भगवान गणेश बाहुबली के रूप में दिखेंगे। यहां भक्तों को झांकी 4 सितंबर से देखने को मिलेगी।

हर तरफ बप्पा मोह रहे मन
परासिया रोड पर परतला के राजा, चंदनगांव के महाराजा, चूना गली के राजा, चैतन्य नवयुवक मंडल द्वारा राज मंदिर मानस भवन की झांकी, श्याम टाकीज के पास, जनसेवक स्कूल और गांधीगंज में व्यापारी मंडल द्वारा भी मनमोहक गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है।

बादशाह हाथों से लिखेंगे शुभ-लाभ
लालबाग के बादशाह के विशाल स्वरूप के कारण तो लोगों को लुभाते रहे हैं, लेकिन बड़ी प्रतिमा के साथ उनका चलित स्वरूप लोगों को आश्चर्य चकित करता है। कभी लडडू बांटना तो कभी आरती करना, कभी हाथ उठाकर आशीर्वाद देना। इन्हें देखने हर साल लोग उमड़ पड़ते हैं। इस बार सिंहासन पर विराजे गजानन अपने हाथों से स्वस्तिक बनाएंगे तथा शुभ-लाभ और ओम लिखेंगे। भक्तों को झांकी 4 सितंबर से देखने को मिलेगी।