26 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Guru purnima: आस्था, श्रद्धा और सादगी से मना गुरु पूर्णिमा पर्व

लोगों ने गुरु की आराधना एवं वंदना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

2 min read
Google source verification
Guru purnima: आस्था, श्रद्धा और सादगी से मना गुरु पूर्णिमा पर्व

Guru purnima: आस्था, श्रद्धा और सादगी से मना गुरु पूर्णिमा पर्व

छिंदवाड़ा. गुरु पूर्णिमा पर्व रविवार को आस्था, श्रद्धा और सादगी से मनाया गया। पर्व पर लोगों ने गुरु की आराधना एवं वंदना कर सुख-समृद्धि की कामना की। घरों से लेकर मंदिरों तक गुरु पर्व पर विशेष पूजा अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिरों व आश्रमों में चहल-पहल बनी रही। साफ-सफाई के बाद मंदिरों को फूल-माला से सजाया गया। वहीं भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। शिष्यों ने अपने गुरुओं को आसन प्रदान कर श्रद्धानुसार उनकी पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद ग्रहण किया। पर्व पर सुबह से ही लोगों में उत्साह देखने को मिला। स्नान के बाद लोगों ने पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों की तरफ रूख किया। पूजन, दान कर गुरु के प्रति कृतज्ञता जताई। शहर के अनगढ़ हनुमान मंदिर, टाउनलहाल मंदिर, दादा धुनी वाले मंदिर, संतोषी माता मंदिर, षष्ठी माता मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालु की भीड़ देखी गई जो देर रात तक रही। पर्व पर पूरे दिन पूजन और दान करने का सिलसिला चलता रहा। वहीं कोरोना वायरस को देखते हुए अधिकतर लोगों ने घर में ही पूजन कर गुरु का ऑनलाइन माध्यम से आशीर्वाद लिया।

भजन-संध्या का भी हुआ आयोजन
गुरु पूर्णिमा पर्व पर श्री शिर्डी साई मंदिर विवेकानंद कॉलोनी में सच्चिदानंद सेवा समिति द्वारा आरती, पूजन, अभिषेक, भजन, कीर्तन किया गया। ब्रम्ह मूर्त में काकड़ आरती हुई। इसके पश्चात बाबा का अभिषेक एवं वस्त्र अर्पित किया गया। मंदिर में मध्यान्ह आरती, संध्या में धूप आरती तथा रात्रि में शेज आरती की गई। कोरोना वायरस को देखते हुए मंदिर में सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के साथ हर भक्त को मास्क पहनने पर ही प्रवेश दिया गया। वहीं पर्व पर जागृति संकीर्तन मंडल पूर्वी बुधवारी द्वारा दादा धूनीवाले प्रांगण(अनगढ़ हनुमान मंदिर) में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 9 बजे धूनीवाले दादा के मनमोहक झांकी का मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। पूरे दिन धूनी वाले दादा के नाम का जाप हुआ। शाम को भजन संध्या आयोजित किया गया। आरती एवं भोग के पश्चात महाप्रसाद का वितरण हुआ।