
आजादी के 75 साल बाद बदली व्यवस्था-प्लॉट और खेत की भू-अधिकार पुस्तिका मिलेगी अब ऑनलाइन
छिंदवाड़ा. खेत-प्लॉट की हस्त लिखित भू-अधिकार पुस्तिका के लिए अब तहसील कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और ना ही किसी अधिकारी-कर्मचारी की जी हुजूरी करनी पड़ेगी। लोक सेवा केंद्र में अब ऑनलाइन आवेदन करने पर इसकी कम्प्यूटर से जनरेट कॉपी मिल जाएगी। राजस्व विभाग के ये राहत वाले आदेश जिला मुख्यालय पहुंच गए हैं। अब जल्द ही इन्हें सिस्टम पर लेकर लागू कर दिया जाएगा।
75 साल से चल रही व्यवस्था बदली
आजादी के बाद के 75 साल से अब तक जमीन प्लॉट की भू- अधिकार पुस्तिका को हस्तलिखित देने की व्यवस्था चल रही है। लोक सेवा प्रबंधन नियम आने के बाद राजस्व विभाग की इस सेवा को लोक सेवा केंद्र के अधीन किया गया। फिर भी हस्तलिखित पावती देने में कई बार निर्धारित समय सीमा भी पार होने के मामले सामने आए। यह भी तथ्य सामने आया कि जिलेभर में साल के दो-तीन महीने भू-अधिकार पुस्तिका नहीं मिली। भोपाल प्रिंटिंग प्रेस से भी नहीं पहुंची । ऋण पुस्तिका के इस संकट में जरूरत पडऩे पर सम्बंधित व्यक्तियों को हजारों रुपए अधिक देकर व्यवस्था करनी पड़ी। महीनों तक राजस्व अधिकारी कर्मचारियों के चक्कर काटने पड़े। इस परेशानी भरी व्यवस्था का अब अंत हो जाएगा।
भू-लेख पोर्टल से मिलेगी कॉपी
राज्य शासन द्वारा पावती की कम्प्यूटरीकृत कापी के सिस्टम को लागू करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अब भू-लेख पोर्टल से निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर आवेदक को यह कॉपी मिल जाएगी। फिलहाल लोक सेवा प्रबंधन विभाग इस ऑनलाइन सेवा के सिस्टम को बनाने में लगा है। लोक सेवा केंद्रों में जल्द इसके सेवा लेना शुरू कर दिए जाएंगे।
राजस्व विभाग द्वारा कम्प्यूटरीकृत भू-अभिलेख ऋण पुस्तिका जारी करने के आदेश आ गए हैं। इसकी गाइडलाइन भी सम्बंधित अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है।
-स्मृति खंडेलवाल, भू-अभिलेख अधीक्षक
लोक सेवा केंद्रों से जल्द ही ये सेवा भू लेख पोर्टल से प्रारम्भ कर दी जाएगी। एक दिन पहले कुछ समय के लिए यह पोर्टल से सेवा दी गई थी। सुधारीकरण होने पर यह नियमित हो जाएगी।
-मोहन प्रजापति, प्रबंधक लोक सेवा प्रबंधन विभाग
Published on:
04 Dec 2021 02:22 pm
बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
