
Major Accident in Chhindwara Bus Returning from CM's Event
Major Accident: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से बड़ी खबर सामने आ रही है यहां सीएम के कार्यक्रम से लौट रही बस हादसे का शिकार हो गई। छिंदवाड़ा एसपी ने हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है, मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं व एक बच्चा शामिल है। बताया जा रहा है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है, हादसे में 41 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सेमरिया हनुमान मंदिर मोहखेड़ के पास ये हादसा हुआ। बस में सवार सभी लोग सीएम के कार्यक्रम से लौट रहे थी तभी बस की ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस पलट गई और चीख पुकार मच गई। घटना का पता चलते ही पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बस पलटने की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए। 20 से ज्यादा एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल ले जाया गया। इस हादसे के बाद सड़क पर 4-5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने खुलवाकर यातायात सुचारू रूप से शुरू कर कराया। जो बस हादसे का शिकार हुई है वो भंडारकुंड करेर की बताई जा रही है। जानकारी मिली है हादसे में एक यात्री का हाथ कटकर अलग हो गया और कई के सिर फूटे हैं।
पुलिस के मुताबिक, हादसा गुरुवार शाम करीब साढ़े 6 बजे उमरानाला इलाके में हुआ। बस में 41 लोग सवार थे। यह बस छिंदवाड़ा से उमरानाला की ओर जा रही थी। बस छिंदवाड़ा के पुलिस ग्राउंड में आयोजित हितग्राही सम्मेलन से वापस लौट रही थी। इस हितग्राही सम्मेलन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सीएम मोहन यादव ने हादसे की जानकारी लगने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हादसे पर दुख जताया है। सीएम ने लिखा है- आज शाम को छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक है। प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि सभी दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना करता हूं। मैंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। जबलपुर से डॉक्टर्स के दल छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के निर्देश दिए हैं। छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को भी अपने कार्यक्रम परिवर्तित कर छिंदवाड़ा पहुंचने के लिए निर्देशित किया है। मृतकों के निकटम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। सभी घायलों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा। भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से सभी घायलों के उपचार की सतत् मॉनिटरिंग की जा रही है।
Updated on:
26 Mar 2026 10:09 pm
Published on:
26 Mar 2026 08:12 pm
बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
