19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Politics: सडक़ पर राजनीति, डेढ़ घंटे में चार बार भिड़ी भाजपा-कांग्रेस, पुलिस दिखी असहाय

पुलिस ने किसी तरह से समझा बुझाकर मामला शांत कराया।

3 min read
Google source verification
Politics: सडक़ पर राजनीति, डेढ़ घंटे में चार बार भिड़ी भाजपा-कांग्रेस, पुलिस दिखी असहाय

Politics: सडक़ पर राजनीति, डेढ़ घंटे में चार बार भिड़ी भाजपा-कांग्रेस, पुलिस दिखी असहाय

छिंदवाड़ा. जिला महिला कांग्रेस ने शनिवार को काली साड़ी पहनकर हाथों में बैनर, पोस्टर लेकर बढ़ती महंगाई एवं गैस सिलेंडर के दामों को लेकर विरोध जताया। कांग्रेस भवन के सामने सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेत्रियों के साथ ही युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अभियान के तहत लोगों से हस्ताक्षर करा रहे थे। इसी दौरान भाजपा के कार्यकर्ता सडक़ के दूसरी तरफ से गुजर रहे थे। दोनों पक्ष एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे और मामला ने कुछ समय में तुल पकड़ लिया। दोनों पक्ष भिड़ गए। पुलिस ने किसी तरह से समझा बुझाकर मामला शांत कराया। माहौल दो मिनट भी शांत नहीं हुआ कि प्रदर्शन फिर से शुरु हो गया। इसके बाद कई बार भाजपा एवं कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता आमने-सामने हुए। दोनों पक्षों में तीखी झड़प और झूमा झपटी होती रही। गाली-गलौज भी हुआ और जूते-चप्पल भी फेंके गए। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष एकलव्य अहके की शर्ट भी फाड़ दी गई। झड़प के दौरान महिला कांग्रेस की कई कार्यकर्ताओं को चोट आई। इसके बाद दशहरा मैदान के मुख्य प्रवेश द्वार पर भी दोनों पक्ष में झड़प हुई। कांग्रेस भवन से लेकर दशहरा मैदान तक पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का कई बार प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानें। पुलिस भी असहाय नजर आई। कांग्रेस का कहना था कि पुलिस एक तरफा कार्यवाही कर रही है। केवल हमें ही शांत करा रही है। जबकि भाजपा के लोग दुव्र्यवहार कर रहे हैं।

कोतवाली पहुंचकर कराई शिकायत दर्ज
झड़प के बाद कांग्रेस की महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता शिकायत दर्ज कराने कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कोतवाली भवन का चैनल गेट बंद कर दिया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी, जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने कार्यकर्ताओं को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद जिला महिला कांग्रेस की सदस्य, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और फिर कांग्रेस भवन लौट गए।

सडक़ पर सिलेंडर रखा और गाए गीत
महिला कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस ने कोतवाली गेट के सामने सडक़ पर बैठकर सिलेंडर के साथ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने गीत गाकर विरोध जताया।


पुलिस से हुई कई चूक
शनिवार को केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का कार्यक्रम दशहरा मैदान में पूर्व से निर्धारित था। जिला महिला कांग्रेस सुबह 10 बजे से ही कांगे्रस भवन में सभा आयोजित कर रही थी। युवा कांग्रेस भी साथ में थी। वहीं कुछ कांगे्रस महिला सदस्य सडक़ पर उतरकर महंगाई के खिलाफ पर्चे भी बांट रही थी। कांग्रेस भवन एवं दशहरा मैदान की दूरी महज कुछ कदमों की है। संभावना थी कि कांग्रेस नेत्रियां केन्द्रीय मंत्री के सामने प्रदर्शन कर सकती हैं। ऐसे में भाजपा भी उग्र हो सकती है। पुलिस को एहतियात के तौर पर दोनों तरफ बैरिकेटिंग करनी चाहिए थी। पुलिस के पास भीड़ को तीतर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का भी इंतजाम नहीं था। महिला पुलिसकर्मियों की संख्या भी काफी कम थी। अगर पुलिस ने पहले से ही सारे इंतजाम कर रखे होते तो भाजपा एवं कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने नहीं होते और फिर विपरित स्थितियां निर्मित नहीं होती।

भाजपाई गुंडों ने कर दी अति-विश्वनाथ ओक्टे
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने कहा कि घटते जनाधार से बौखलाकर भाजपा के गुण्डों ने कांग्रेस कार्यालय के समक्ष नंगा नाच किया और मुख्यमंत्री की लाड़ली बहना और भांजियों से अभद्रता कर जिले के राजनैतिक इतिहास को कलंकित कर दिया। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस की सदस्य अपने कांग्रेस कार्यालय के परिसर में बढ़ती महंगाई और बढ़े हुए गैस सिलेंडर के दामों का विरोध कर रही थी। भाजपाई गुण्डों ने महिला कांग्रेस की निहत्थी कार्यकर्ता पर हथियारों से हमला बोलते हुए गालियां दी। धक्का-मुक्की की। अचानक इस हमले में महिला कांग्रेस की दर्जनों कार्यकर्ता घायल हुई हंै।
उन्होंने कहा कि विगत दो दिनों से जारी युवा कांग्रेस के हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत नागरिकों से हस्ताक्षर करा रही थी। भाजपा ने पुलिस बल की उपस्थिति में युकां के पदाधिकारियों व सदस्यों पर हमला बोल दिया। जिसमें पदाधिकारी, कार्यकर्ता घायल हुए।