छिंदवाड़ा. ब्लॉक कांग्रेस कमेटी निगम ग्रामीण ने सोमवार को महंगाई के विरोध में नोनिया करबल में केन्द्र सरकार का पुतला फूंका और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लाड़ली बहना योजना का ढिंढोरा पीटकर आमजन को गुमराह कर रहे हैं। प्रदेश की लाड़ली बहनों के साथ भाजपा की खुली लूट जारी है। विगत 18 वर्षों से भाजपा की सरकार केवल आम आदमी को लूट रही है। प्रत्यक्ष प्रमाण यह है कि महंगाई आसमान छू रही है। मामा की बहनों के घरों की रसोई में रखी सम्पूर्ण खाद्य सामग्री व रसोई गैस सिलेंडर के दाम आम आदमी की पहुंच से दूर हैं। प्रदेश व केन्द्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते आज हर आमोखास महंगाई की मार झेल रहा है।