
Politics: कमलनाथ ने भाजपा को लेकर दिया यह बड़ा बयान, आदिवासियों पर कैसे हुए अत्याचार
छिंदवाड़ा. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंगलवार को पांढुर्ना विधानसभा क्षेत्र के तिगांव व अम्बाड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर निशाला साधा। कहा कि आदिवासी के पैर धुलाकर उनके सम्मान का ढोंग रचने वाली भाजपा सरकार के 20 वर्षों के कार्यकाल में गरीबों व आदिवासियों पर सर्वाधिक अपराध घटित हुए हैं। राष्ट्रीय अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने जारी किए आंकड़ों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। मध्यप्रदेश आदिवासी अपराध में देश में नम्बर एक पर है। इससे साफ होता है कि भाजपा केवल चुनावी लाभ अर्जित करने के लिए आदिवासी व गरीबों की हितैषी होने का ढोंग करती है। उनके मन और मस्तिष्क में गरीब वर्ग व आदिवासी के खिलाफ अत्याचार भरा हुआ है। कमलनाथ ने कहा कि एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार आदिवासी अत्याचार में प्रदेश नम्बर एक पर है। वहीं आर्थिक स्थिति को लेकर कहा कि वर्ष 2014 के पूर्व प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 9 हजार 740 रुपए थी जो आज 7 से 8 हजार रुपए रह गई है और भाजपा अपने भाषणों में संपन्न और खुशहाल मप्र का बखान करते नहीं थक रही है। जबकि हकीकत आप सभी के सामने हैं कि किस तरह भाजपा के नेता ने सीधी में एक आदिवासी युवक पर पेशाब कर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया फिर भाजपा ने आदिवासियों के सम्मान का ढोंग रचा और पीडि़त के पैर धुलाए, लेकिन 20 वर्षों से आदिवासी और गरीबों पर जारी अत्याचार को भाजपा ने एक आदिवासी के पैर धुलाकर पूरे पाप धोने का प्रयास किया। इसके बाद भी भाजपा के नेताओं ने अपराध को अंजाम देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सिवनी, बैतूल, छिंदवाड़ा के चौरई, परासिया, इंदौर व ग्वालियर में आदिवासी पर बर्बरता करना भाजपा की आदिवासी विरोधी सोच को उजागर करता है। कमलनाथ ने आगे कहा कि आज भाजपा की पहचान आदिवासी विरोधी के रूप में हो रही है। प्रदेश की छवि को धुमिल करने का पाप भाजपा लगातार कर रही है और अपने पाप छिपाने के लिए दूसरों पर आरोप जडऩे से बाज नहीं आ रही है।
30 लाख नौजवानों को कांग्रेस देगी नौकरी
कमलनाथ ने कहा कि आज के नौजवान के सामने सबसे बड़ी चुनौती रोजगार की है। इस लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी ने न सिर्फ छिंदवाड़ा बल्कि पूरे देश के नौजवानों को अच्छे से अच्छा रोजगार देने का संकल्प लिया है। कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार 30 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी देगी। अग्नि वीर योजना समाप्त करके सेना में नियमित भर्ती देगी। ग्रेजुएशन करने वाले हर नौजवान को 8500 रुपए स्टाइपेंड देगी।
Published on:
03 Apr 2024 01:54 pm
