
Ramleela: कैकई ने महाराज दशरथ से मांगे दोनों वरदान, वनवास पर निकले श्रीराम
छिंदवाड़ा. सार्वजनिक श्री रामलीला मंडल द्वारा छोटी बाजार में आयोजित की जा रही श्री रामलीला के चतुर्थ दिवस शनिवार को श्री राम वन गमन एवं चित्रकूट प्रवास की लीला का मंचन किया गया। श्रीराम विवाह के बाद अयोध्या में भारी उत्सव काफी दिनों तक मनाया गया। राजा दशरथ ने श्री राम के राजतिलक की घोषणा की, जिससे देवताओं में हलचल मच गई। माता सरस्वती से सभी ने आग्रह किया कि इसकी कोई युक्ति सुझाएं। सरस्वती जी मंथरा के कंठ में विराजमान हो गई। मंथरा जो कि कैकई की सबसे करीबी दासी थी, उसने कैकई को अपनी बातों से वशीभूत कर राजा दशरथ से देवासुर संग्राम के दौरान प्राप्त वरों को मांग लेने की बात पर उन्हें मना लिया। कैकई कोप भवन में जाकर बैठ गई, जबकि पूरे अयोध्या में मंगल गान गाया जा रहा था। रामराज अभिषेक की जोरों शोरों से तैयारियां जारी थी। राजा दशरथ को जब इस बात का पता चला कि कैकई कोप भवन में जा बैठी हैं तो उन्होंने नाराजगी का कारण जानना चाहा। तब कैकई ने राजा दशरथ से अपने दो वर मांग लिए, जिसमें पहला भरत को राज्य देकर उनका राजतिलक करना था वही दूसरा वर प्रभु श्री राम को 14 वर्ष के लिए वनवास भेजना था। हताश हुए दशरथ ने अपने वचनों का पालन करते हुए श्री राम को भारी मन से वन जाने की आज्ञा दी। श्रीराम ने इसे स्वीकारते हुए माता कौशल्या से आज्ञा ली। इस दौरान सीता ने साथ जाने की जिद की वहीं लक्ष्मण भी साथ हो लिए।
ये कर रहे शानदार अभिनय
श्रीराम वन गमन और चित्रकूट प्रवास के दौरान सुंदर अभिनय देखने को मिला। दशरथ की सशक्त भूमिका में श्रांत चंदेल दिखाई दिए। इसके साथ ही श्री राम की प्रमुख भूमिका में रजत पांडे सुशोभित हैं वही सीता की खूबसूरत भूमिका सार्थक राजपूत अदा कर रहें है। लक्ष्मण का शानदार अभिनय आयुष शुक्ला द्वारा निभाया जा रहा है। कैकई के मजबूत किरदार में तेजस्व चौरसिया ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। संरक्षक राजू माहोरे महामंत्री सुमंत के तौर पर दर्शकों को प्रभावित करते दिखे। सुमित्रा के किरदार में प्रणव शुक्ला ने अपनी सुरीली आवाज से सभी का मन मोह लिया। वहीं माता कौशल्या का संजीदा किरदार निभाकर अभिनव शुक्ला ने सभी की वाहवाही बटोरी।
दर्शक देख रहे सीधा प्रसारण
श्री रामलीला के मंचन का सीधा प्रसारण ऑनलाइन माध्यम से भी हो रहा है, जिसे दर्शकों की खूब सराहना मिल रही है। देश-विदेश से लोग जुड़ रहे हैं।
आज की लीला
रविवार को पांचवें दिन की श्री रामलीला का मंचन किया जाएगा। श्री राम के वियोग में तड़प रहे राज दशरथ प्राण त्याग देंगे। मंचन रात 9 बजे प्रारंभ होगी।
Published on:
15 Oct 2023 01:43 pm
बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
