
Ramleela: अयोध्या में जन्मे प्रभु श्रीराम, झूम उठी प्रजा
छिंदवाड़ा. छोटी बाजार में शनिवार से 14 दिवसीय मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीला का मंचन का शुभारंभ किया गया। किरिट-मुकुट एवं मंच पूजन के साथ रामलीला की विधिवत शुरुआत हुई। समिति द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का सम्मान किया गया। इसके पश्चात रामलीला का मंचन हुआ। मनवांच्छित वरदान प्राप्त करके रावण ने अहम से वशीभूत होकर पृथ्वी में ऋषि मुनियों एवं देवताओं पर अत्याचार, यज्ञ विध्वंस एवं अनाचार करना प्रारम्भ किया। रावण के अत्याचारो से प्रताडि़त होकर सभी देवी एवं देवता श्री हरि विष्णु की शरण मे पहुंचते हंै। तब विष्णु जी बताते है कि वे अयोध्या के राजा दशरथ के घर राम के रूप अवतरित होंगे एवं पृथ्वी को असुरों के अत्याचारों से मुक्त करेंगे। यहां राजा दशरथ को पितृ ऋण से मुक्त करने हेतु श्रंगी मुनि पुत्रेष्टि यज्ञ करते हैं, जिसके प्रभाव से श्रीराम, भरत, लक्ष्मण एवं शत्रुघ्न अवतरित होते हंै। राजा दशरथ के पुत्रों के जन्म की खुशी में पूरा अयोध्या झूम उठता है। इसके बाद राजा दशरथ की आज्ञानुसार श्री राम अपने भाइयों सहित गुरु वशिष्ठ के आश्रम में शिक्षा हेतु प्रस्थान करते हैं। गुरुकुल में गुरु वशिष्ठ द्वारा उन्हें विद्या दान देकर वापस राज महल भेजा जाता है। विश्राम आरती के पश्चात पहले दिन के मंचन का समापन होता है। रामलीला मंडल के मुख्य निर्देशक विजय आनंद दुबे ने बताया कि रावण के अत्याचार एवं विजय यात्रा का चित्रण विशेष लाइट, साउंड इफेक्ट एवं स्मोक इफेक्ट के सम्मिश्रण से प्रदर्शित किया गया। रावण, कुम्भकर्ण एवं विभीषण की घोर तपस्या का चित्रण एलईडी के माध्यम से किया गया।
निर्देशक वीरेन्द्र शुक्ल ने बताया कि रविवार को विश्वामित्र के अयोध्या आगमन, श्रीराम द्वारा ताडक़ा वध एवं अहिल्या उद्धार की लीला का मंचन किया जाएगा। मंडल के अध्यक्ष सतीश दुबे लाला, उपाध्यक्ष विनेश जैन छोटू सहित अन्य ने दर्शकों से सोशल मीडिया एवं स्थानीय चैनल के सीधे प्रसारण से रामलीला का मंचन देखने का अनुरोध किया है।
ये निभा रहे पात्र
रामलीला में रावण का किरदार विनोद विश्वकर्मा, मेघनाद का शिरीन आनंद दुबे, बलि का जितेंद्र सोनी, बाली का सतीश दुबे, तारा का शिवम नामदेव,
इंद्र का सजल जैन, भगवान विष्णु का रजत पांडे, लक्ष्मी जी का समकित जैन, शंकर जी का बंटी मुदलियार, ब्रम्हा जी का संतोष नामदेव, पृथ्वी का ध्रुव सोनी, सूर्य देव का अनुज विश्वकर्मा, चंद्र देव का गोल्डी सोनी सहित अन्य निभा रहे हैं।
Published on:
03 Oct 2021 12:11 pm
बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
