
अवैध बजरी परिवहन कराने के लिए थानेदार ने मांगी रिश्वत
चित्तौडग़ढ़. अवैध बजरी परिवहन रोकने के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारी ही अब इसे संरक्षण प्रदान करने लगे है। इसके लिए अवैध बजरी परिवहन करने वालों से रिश्वत मांगी जा रही है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजसमंद व चित्तौडग़ढ़ की टीम ने मंगलवार रात करीब 9.45 बजे कार्रवाई करते हुए भैंसरोडग़ढ़ थाना प्रभारी राजाराम मीना को २५ हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह रिश्वत उसने अवैध बजरी परिवहन के एवज में ली थी।ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने बताया कि परिवादी रावतभाटा निवासी इमरान खान ने ब्यूरो में शिकायत की थी कि भैंसरोडग़ढ़ थाना प्रभारी राजाराम मीना अवैध बजरी परिवहन के एवज में प्रति माह पचास हजार रूपए की रिश्वत मांग रहा है। ब्यूरो ने शिकायत के बाद सत्यापन करवाया तो आरोपी थाना प्रभारी ने परिवादी इमरान खान व सह परिवादी आशिफ से प्राप्त किए। इसके बाद मंगलवार रात ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाते हुए ब्यूरो के चित्तौडग़ढ़ सीआई नरेन्द्रसिंह के नेतृत्व में एक टीम भैंसरोडग़ढ़ पहुंची। वहां परिवादी ने थाना प्रभारी को २५ हजार रूपए दिए। इशारा पाते ही ब्यूरो की टीम में उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की राशि ब्यूरो की टीम ने आरोपी की टेबल की दराज से बरामद कर ली। ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चौधरी के निर्देश पर की गई कार्रवाई में हेड कांस्टेबल गोपाललाल, सिपाही शिवसिंह व कनिष्ठ लिपिक यशवंतसिंह शामिल थे।
Published on:
10 Jul 2019 06:00 am
