
सहकारिता मंत्री आंजना ने किया ध्वजारोहण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में झलका देशभक्ति का रंग
चित्तौडग़ढ़. देश का 70वां गणतंत्र दिवस पर्र्व शनिवार को जिले में उत्साह से मनाया गया। सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों सहित विभिन्न संगठनों की ओर से राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया गया। इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने राष्ट्रध्वज तिरंगा फहरा परेड निरीक्षण किया। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण करने के बाद मार्च पास्ट से सलामी दी गई। मार्चपास्ट में पुलिस के साथ होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट आदि शामिल थे। सामूहिक व्यायाम,नृत्य, आर्कषक झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली ६६ प्रतिभाओं का भी सम्मान गया। समारोह को सम्बोधित करते हुए सहकारिता मंत्री आंजना ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश का सम्मान सब से पहले है एवं उसके लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे। आंजना ने समारोह में मौजूद भाजपा के जनप्रतिनिधियों का नाम लिए बिना कहा कि यहां पक्ष-प्रतिपक्ष सभी मौजूद है और सभी मिलकर चित्तौडग़ढ़ जिले का विकास करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के ऋण माफ करने के साथ युवाओं व महिलाओं के लिए भी कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। आंजना के उद्बोधन से पूर्व अतिरिक्त जिला कलक्टर दीपेन्द्रसिंह राठौड़ ने राज्यपाल के संदेश का वाचन किया। समारोह में मेवाड़ युनिवर्सिटी, सीकर अकादमी, नीरजा मोदी स्कूल आदि ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्रों ने सामूहिक व्यायाम प्रस्तुति दी। विद्या निकेतन स्कूल के विद्यार्थियों ने योग प्रस्तुति दी। समारोह में जिला प्रमुख लीला जाट, विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, जिला कलक्टर शिवांगी स्वर्णकार, पुलिस अधीक्षक अनिल कयाल, नगर परिषद सभापति सुशील शर्मा, चित्तौडग़ढ़ पंचायत समिति प्रधान प्रवीणसिंह राठौड़, पूर्व विधायक सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी,जनप्रतिनिधि आदि मौजूद रहे। संचालन कनक जैन एवं किरण आचार्य ने किया।
.............
विद्या निकेतन की प्रस्तुति में छाया भगवा रंग
कार्यक्रम में सबसे अधिक चर्चा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में अंतिम प्रस्तुति विद्या निकेतन बालिका स्कूल की रही। इस प्रस्तुति में एक छात्रा भारत माता का रूप लिए राष्ट्रध्वज तिरंगा लिए हुए थी तो उसके चारों तरफ कुछ छात्राएं भगवा ध्वज लिए हुए थी। भगवा रंगों से ओतप्रोत ये प्रस्तुति कार्र्यक्रम के बाद भी चर्चा में रही। सूत्रों के अनुसार शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम में भगवा रंग के ध्वज लाने की जानकारी मिली तो उन्होंने ऐसा करने से मना भी किया लेकिन स्कूल प्रशासन इनके साथ ही प्रस्तुति देने पर अड़ गया। ऐसे में एनवक्त पर किसी विवाद से बचने के लिए प्रस्तुति नहीं रोकी गई। हॉलाकि प्रस्तुति के अंत में वंदेमारतम के साथ जयश्री राम का भी उद्घोष करना भी वहां मौजूद कई अतिथियों के साथ आमजन को भी चौक गया।
..................
दिखा राजनीतिक बदलाव का असर
समारोह में विधानसभा चुनाव के बाद हुए राजनीतिक बदलाव का असर भी दिखा। राज्य में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद पिछले पांच वर्ष से ऐसे समारोह से दूरी रखने वाले कई चेहरे फिर वहां दिखे। हॉलाकि इस बार राज्य में सत्ता बदलाव के बाद भी भाजपा से जुड़े कई जनप्रतिनिधि भी समारोह में पहुंचे और ये दर्शाया कि राष्ट्रीय पर्व राजनीतिक सीमाओ से परे है।
................
झांकियों से दिखाई विकास की झलक
समारोह में विभिन्न सरकारी विभागों ने झांकियों के माध्यम से देश-प्रदेश में हो रहे विकास की झलक दिखाई। जिला परिषद, जलदाय विभाग, विद्युत निगम, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ हिन्दुस्तान जिंक आदि ने भी झांकी प्रस्तुति दी।
..........
समारोह में ६६ प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में मुख्य अतिथि आंजना, कलक्टर स्वर्णकार, पुंलिस अधीक्षक कयाल आदि ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली ६६ प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में कुछ संस्थाएं भी शामिल थी।
...........
दिखा जनभागीदारी का अभाव
गणतंत्र दिवस समारोह में जनभागीदारी का अभाव दिखा। समारोह में मौजूद अधिकतर लोग सरकारी कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी ही थे। आमजन की कार्यक्रम में भागीदारी नगण्य रहने से राष्ट्रीय पर्व का आयोजन भी कोई आम सरकारी समारोह लगा।
Updated on:
26 Jan 2019 01:17 pm
Published on:
26 Jan 2019 01:17 pm
