
चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा में नगर पालिका के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से क्लोरीन गैस के रिसाव से हड़कंप मच गया। गैस से प्रभावित कुछ लोगों को अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर जनप्रतिनिधियों सहित जिला कलक्टर व एसपी मौके पर पहुंचे। आठ घंटे की मशक्कत के बाद गैस रिसाव पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार निम्बाहेड़ा के कासोद इलाके में स्थित प्लांट में सुबह करीब साढ़े सात बजे गैस रिसाव की जानकारी सामने आई। इसके बाद हिंदुस्तान जिंक की टीम मौके पर पहुंची और गैस रिसाव पर नियंत्रण के प्रयास शुरू किए। उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली मौके पर पहुंचे और जानकारी लेकर जिला कलक्टर को अवगत कराया। विधायक श्रीचंद कृपलानी, पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना भी मौके पर पहुंचे।
प्लांट से हुए गैस रिसाव से आसपास रहने वाले काफी परिवार प्रभावित हुए। जिन्हें प्रशासन ने रेस्क्यू कर कृषि उपज मंडी पहुंचाया। गैस से प्रभावित बद्रीलाल ने बताया कि उसका मकान सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास है। गैस रिसाव होते ही खांसी और आंखों में जलन हुई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसको ऑक्सीजन पर रखा गया। गैस रिसाव से कुछ लोगों को उल्टी होने की शिकायत हुई। लोग अपने मवेशियों सहित कृषि उपज मण्डी में चले गए। क्लोरीन गैस से सांस लेने में तकलीफ होती है। दोपहर बारह बजे तक क्लोरीन गैस पूरे क्षेत्र में फैल गई। प्रशासन और पुलिस ने लोगों की क्षेत्र में आवाजाही पर रोक लगा दी।
सुबह 8 बजे से हुए गैस रिसाव पर एक बारगी तो दोपहर 1 बजे तक काबू पा लिया गया। अपराह्न 3 बजे के बाद गैस के पुन: रिसाव होने से कासोद क्षेत्र के निवासियों को कृषि उपज मंडी परिसर स्थित किसान भवन में शिफ्ट किया गया। वहां भी गैस की दुर्गन्ध आने की शिकायत पर ग्रामवासियों को आदर्श कॉलानी स्थित सामुदायिक भवन में ठहराया गया। जिस सिलेण्डर से रिसाव हो रहा था। उसे कुएं में डालकर रिसाव पर काबू पाया गया।
विधायक श्रीचंद कृपलानी, कलक्टर व एसपी सहित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर वहां गैस रिसाव से प्रभावित हुए पालिका कर्मचारी चरण सिंह व अन्य कार्मिकों की कुशलक्षेम पूछी।
पीएमओ कमलेश बाबेल ने कृपलानी व रंजन को बताया कि गैस रिसाव के कारण जिला अस्पताल में 20 लोग उपचार के लिए आए थे जिन्हे सांस लेने में तकलीफ, जी घबराने व उल्टी की शिकायत थी। इनमें से तीन को भर्ती किया गया। कासोद गांव की आबादी 595 है जिसमें से 150 से ज्यादा लोगों को कम्युनिटी हॉल मे ठहराया गया है। अन्य लोग नगर में अपने रिश्तेदारों के यहां ठहरे हुए है।
Updated on:
20 Aug 2024 09:47 pm
Published on:
20 Aug 2024 09:04 pm
बड़ी खबरें
View Allचित्तौड़गढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
