
चित्तौड़गढ़. राजस्थान में दूसरे चरण का चुनाव 26 अप्रैल को हो रहा है। इस दौरान चित्तौड़गढ़ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सी.पी. जोशी ने भी मधुबन स्थित मतदान केंद्र पर अपनी पत्नी और बेटी संग वोट देने पहुंचे। सुबह से ही पोलिंग बूथों पर वोटरों की लंबी कतारें लगी हैं। प्रतापगढ़ में सबसे ज्यादा वोट दिए गए, यहां सुबह 11 बजे तक लोकसभा क्षेत्र में 30.30% से अधिक मतदान दर्ज किया गया है।
दूसरी तरफ चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने भी मधुबन स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि "पहले मतदान फिर जलपान करेंगे। आज अपने गृह बूथ 148 पर मतदाताओं को पर्चियां बांटकर कार्यकर्ता की भूमिका निभाई एवं लोकतंत्र के पर्व पर अपना मतदान कर मतदाताओ से अधिक से अधिक संख्या मे मतदान करने का आव्हान भी किया।"
चित्तौड़गढ़ सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी मतदान से पहले चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित कालिका माता मंदिर पहुंचकर माता का आशीर्वाद लिया और फिर पत्नी व बेटी संग मधुबन स्थित मतदान केंद्र पहुंचे। उधर, कांग्रेस प्रत्याशी उदयलाल आंजना भी सुबह-सुबह क्षेत्र में नजर आए। उन्होंने अपने पैतृक गांव छोटी सादड़ी के केसुंदा में मतदान किया।
चित्तौड़गढ़ सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि "पहले मतदान किया, अब बाकी काम, चित्तौड़गढ़ में मतदान केंद्र, सामुदायिक भवन, मधुबन सेंथी पर परिवार सहित मतदान कर देश के नागरिक होने का कर्तव्य पूरा किया। लोकसभा के द्वितीय चरण वाले स्थानों के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि आप भी अपना मतदान जरूर करें।
Updated on:
26 Apr 2024, 3:54 PM IST
Published on:
26 Apr 2024, 3:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.