
चित्तौडग़ढ़ जिले के डोरार्ई गांव में मंगलवार को किसानों को ऋण माफी प्रमाणपत्र प्रदान करते जिला कलक्टर व अन्य।
चित्तौडग़ढ़. राजस्थान फसली ऋण माफी योजना के तहत केन्द्रीय सहकारी बैंक की ओर से मंगलवार को जिले के बेगूं तहसील के डोराई ग्राम पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में ऋण माफी शिविर का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर इन्द्रजीत सिंह एवं सीसीबी चेयरमैन लक्ष्मण सिंह खौर ने डोराई ग्राम सहकारी सेवा समिति के 36 7 सदस्यों में से पलायन/मृतक व आधार/भामाशाह के शेष सदस्य को छोड़कर 327 सदस्यों को 101.78 लाख राशि के ऋण माफी प्रमाण-पत्र वितरित किए।
जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने किसानों को राहत देने के लिए फसली ऋण माफी-2018 लागू की है। इस योजना से लाखों किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि छोटे से छोटे किसानों तक पैसा पहुंचाने के लिए सूचियां बनाई गई है, जिनमें पूरी पारदर्शिता रखी गई है। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में सबसे ज्यादा किसान बेगूं में है। उन्होंने कहा कि जिले में 200 से ज्यादा सहकारी समितियों से एक लाख से भी ज्यादा किसान जुड़े हुए है।
चित्तौडग़ढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के चेयरमेन लक्ष्मण सिंह खौर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की फसली ऋण माफी योजना को किसानों के लिए महत्वपूर्ण योजना है, इससे पात्र किसानों को योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों के प्रति संवेदनशील है, किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके हित में कर्ज माफी का निर्णय किया है। शिविर में मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे व सहकारिता मंत्री अजय सिंह क्लिक का प्रतिवेदन पढ़कर किसानों को सुनाया गया।चित्तौडग़ढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक आलोक चौधरी ने बताया कि बेगू तहसील के किसानों को विभिन्न चरणों में शिविर लगाकर ऋण माफी दी जा रही है। चित्तौडग़ढ़ जिले में 202 ग्राम सेवा सहकारी समित लिमिटेड के माध्यम से 67313 लघु सीमान्त व 15769 अन्य काश्तकार कुल 83082 काश्तकारों को इस योजना का लाभ दिया जाना प्रस्तावित है, जिसमें लगभग 400 करोड़ रुपये की ऋण माफी होनी है। शिविर में जनप्रतिनिधिगण, चित्तौडग़ढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक आलोक चौधरी सहित ग्रामीणजन एवं काश्तकार उपस्थित थे।
Published on:
05 Jun 2018 10:34 pm
