चित्तौडगढ़़. 11 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम ऐतिहासिक चित्तौडगढ़़ दुर्ग पर शनिवार को हुआ। बारिश भी योगाभ्यास करने वालों का हौंसला कम नहीं कर पाई। कार्यक्रम में सार्वजनिक निर्माण, महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता मंत्री एवं चित्तौडगढ़़ जिले की प्रभारी मंत्री डॉ. मंजू बाघमार एवं सांसद सीपी जोशी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस वर्ष योग दिवस की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग रही, जिसका उद्देश्य न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य बल्कि सामाजिक और वैश्विक कल्याण में योग की भूमिका को रेखांकित करना रहा। जिले में 2,11,000 लोगों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रम की शुरुआत मंत्रोच्चारण और ध्यान साधना से हुई। इसके पश्चात योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इसमें सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी सचिव राजेश कुमार यादव, जिला कलक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी, एडीएम प्रभा गौतम एवं रामचंद्र खटीक, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह, रावतभाटा एडीएम विनोद कुमार मल्होत्रा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट, प्रधान देवेंद्र कंवर आदि ने भी योगाभ्यास कर सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों, पुलिस विभाग, एनसीसी-एनएसएस स्वयंसेवकों, स्काउट-गाइड, सामाजिक संगठनों, महिला समूहों एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री मंजू बाघमार ने योग को आत्मिक, मानसिक और सामाजिक कल्याण का आधार बताते हुए कहा कि योग सिर्फ व्यायाम नहीं बल्कि भारत की आध्यात्मिक विरासत है, जो अब वैश्विक धरोहर बन चुकी है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिन नहीं बल्कि प्रतिदिन की जीवनशैली में अपनाना चाहिए। सांसद जोशी ने योग को भारत की सॉफ्ट पॉवर करार देते हुए कहा कि इससे न केवल हमारी शारीरिक क्षमता बढ़ती है, बल्कि मानसिक शांति और सामाजिक समरसता भी सुदृढ़ होती है। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि योग एक प्राचीन विज्ञान है जो तन, मन और आत्मा को संतुलित करता है।
आयुर्वेद विभाग उप निदेशक डॉ. तरूण कुमार प्रमाणिक ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में 5400 लोगों ने योगाभ्यास किया। इसी प्रकार जिला चितौडगढ के जिलास्तरीय, ब्लॉकस्तरीय, ग्राम पंचायत में गत वर्ष के 58,000 लोगों की तुलना में शनिवार को 2,11,000 लोगों ने योगा अभ्यास किया। जिले मे निम्बाहेडा में ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में निम्बाहेड़ा-छोटी सादड़ी विधायक श्रीचन्द्रकृपलानी, रावतभाटा में विधायक सुरेष धाकड़, पर्यटन स्थल मात्र कुण्डियॉ में कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने लोगों के साथ योगाभ्यास किया।
Published on:
22 Jun 2025 11:17 am