
नहीं लगी अतिरिक्त बसें, घर जाना हो गया मुश्किल
चित्तौडग़ढ़. राज्य के बीएड कॉलेजों में प्रवेश के लिए शहर में १९ केन्द्रों पर आयोजित पीटीईटी परीक्षा समाप्ति के बाद रोडवेज बस स्टेण्ड पर सैकड़ो अभ्यर्थियों की भीड़ गंतव्य स्थल तक पहुंचने के लिए लग गई। बस स्टेण्ड पर रोडवेज प्रशासन ने किसी तरह की अतिरिक्त बसों का इंतजाम नहीं किया हुआ था। ऐसे में जो बसे रूटीन में जा रही थी उनमें भारी भीड़ हो गई और तेज गर्मी में लोगों के पसीने छूटने लगे। शाम ५ से ७ बजे तक बसों में पैर रखना भी मुश्किल हो गया। बसों में सीट पाने के लिए युवा खिड़कियों में से अंदर घुसने का भी प्रयास करते रहे। बस आते ही तुरंत अभ्यर्थियों की भीड़ से भर रही थी ऐसे में महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों के लिए अंदर प्रवेश कर पाना व सीट हासिल करना मुश्किल हो गया। रोडवेज प्रशासन द्वारा अतिरिक्त बसों का इंतजाम नहीं करने से अभ्यर्थियों के साथ आम मुसाफिर भी खफा दिखे। बसों में सर्वाधिक भीड़ बेगूं, गंगरार, बड़ीसादड़ी, कपासन, निम्बाहेड़ा क्षेत्र की बसों में दिखी।
Published on:
12 May 2019 10:08 pm
