
overturned tractor caught fire, two men burnt alive
कपासन/चित्तौडग़ढ़। कपासन पुलिस उप अधीक्षक दलपतसिंह भाटी ने बताया कि कपासन थाना क्षेत्र के गोराजी का निम्बाहेड़ा में रहने वाले सत्तू उर्फ सत्यनारायण (25) पुत्र नन्दराम भील, प्रकाश (20) पुत्र नन्दराम भील तथा तुर्किया खुर्द निवासी रतन (18) पुत्र नाथू भील बुधवार रात को ट्रैक्टर ट्रॉली में खाखला भरकर भूपालसागर गए थे। वहां खाखला खाली करने के बाद तीनों ट्रैक्टर लेकर गोराजी का निम्बाहेड़ा लौट रहे थे। ट्रैक्टर सत्तू उर्फ सत्यनारायण चला रहा था। रात करीब पौने ग्यारह व ग्यारह बजे के बीच केसरखेड़ी गांव के निकट ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। इससे सत्तू और प्रकाश ट्रैक्टर के नीचे दब गए और रतन उछलकर दूर जा गिरा। संभवत: इस दौरान ट्रैक्टर के किसी हिस्से व सड़क में घर्षण होने से चिंगारी निकली, इससे ट्रैक्टर के डीजल टैंक ने आग पकड़ ली।
ट्रैक्टर पलटने से डीजल भी सड़क पर फैल चुका था। अचानक लगी आग की लपटें करीब पच्चीस फीट ऊंचाई तक नजर आ रही थी। वहां से गुजर रहे वाहनों और लोगों को भी पता नहीं चल पाया था कि ट्रैक्टर के नीचे दो युवक दबे हुए हैं, जो आग से जल रहे हैं। दूर जाकर गिरे रतन ने सत्तू के परिजनों को मोबाइल पर सूचना दी। सूचना मिलते ही गोराजी का निम्बाहेड़ा से दोनों युवकों के परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इधर कपासन नगर पालिका से एम्बुलेंस ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण किया, लेकिन तब तक सत्तू और प्रकाश के शरीर जलने से पूरी तरह काले पड़ चुके थे। दोनों ही ट्रैक्टर के नीचे दबे हुए थे।
रात्रि करीब साढ़े ग्यारह बजे पुलिस उप अधीक्षक कपासन दलपतसिंह भाटी, प्रशिक्षु आरपीएस मुकुल शर्मा, कपासन थाना प्रभारी बाबूलाल सहित पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे दोनों शव निकालकर कपासन के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाए। घायल रतन को प्राथमिक उपचार के बाद रैफर कर दिया गया। रात सवा एक बजे रतन को चित्तौडग़ढ़ के सांवलियाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसलिए हुआ ये बड़ा हादसा
पुलिस का मानना है कि असंतुलित होकर टै्रक्टर के पलटने के दौरान ट्रैक्टर के किसी हिस्से व सड़क में घर्षण से निकली चिंगारी से वहां फैले डीजल ने आग पकड़ ली और यह आग डीजल टंकी तक पहुंच गई, इससे आग की लपटें और तेज हो गई। इस दौरान ही ट्रैक्टर में लगी बैटरी ने भी आग पकड़ ली थी। आग से ट्रैक्टर के पिछले हिस्से के दोनों टायर भी जल गए थे। आगे वाले पहियों पर आग का ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा। ट्रैक्टर के पीछे लगी ट्रॉली नहीं पलटी।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को भी रतन ने ही बताया कि सत्तू और प्रकाश ट्रैक्टर के नीचे दबे हुए हैं, लेकिन तब तक दोनों के शरीर जलकर काले पड़ चुके थे और उनकी मौत हो चुकी थी।
नारायण को मिली थी सूचना मृतक प्रकाश के भाई नारायण भील (27) ने कपासन थाना पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि ट्रैक्टर गोराजी का निम्बाहेड़ा निवासी महबूब खां का है। रिपोर्ट में बताया कि बुधवार रात करीब पौने ग्यारह बजे गोराजी का निम्बाहेड़ा निवासी सुरेश पुत्र जीतू भील ने मोबाइल पर सूचना दी थी कि महबूब खां का ट्रैक्टर पलट गया है, जिसमें आग लग रही है और सत्तू व प्रकाश ट्रैक्टर के नीचे दबे हुए हैं। कपासन पुलिस ने नारायण भील की रिपोर्ट पर बुधवार रात 1.44 बजे विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। गुरूवार को सुबह पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए।
नहीं जले घरों में चूल्हे
दोनों मृतक एक ही समाज और एक ही गांव के होने से गुरूवार को गोराजी का निम्बाहेड़ा में भील समाज के लोगों के घरों में चूल्हे तक नहीं जले। बाद में गमगीन माहौल में दोनों शव का परिजनों व ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार कर दिया। इधर सांवलियाजी अस्पताल में भर्ती रतन की तबीयत में सुधार बताया गया है। रतन के पिता नाथू भील ने बताया कि रतन ट्रैक्टर में खाखला भरने व खाली करने का काम करता है। बुधवार को भी वह ट्रैक्टर के साथ खाखला खाली करने की मजदूरी पर गया था।
Published on:
16 May 2019 03:05 pm
