
पायलट किसके लिए बोले की समय पश्चाताप यात्रा निकालने का
चित्तौडग़ढ़. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट के अनुसार मुख्यमंत्री के लिए ये समय गौरव यात्रा निकालने का नहीं बल्कि साढ़े चार वर्ष के शासन में जो गलतियां की है उनके लिए पश्चाताप यात्रा निकालने का है। कांग्रेस सांवलियाजी से संभााग स्तरीय संकल्प रैलियों का आगाज करने जा रही है। इन रैलियों में आम व्यक्ति की सरकार बनाने का संकल्प लिया जाएगा। पायलट ने गुरूवार रात चित्तौैडग़ढ़ पहुंचने के बाद सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा में कहा कि हम सत्ता के लिए नहीं बल्कि प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा के लिए सरकार बनाना चाहते है। उन्होंने मेवाड़ से ही चुनावी आगाज करने सम्बन्धी सवाल पर कहा कि आगाज राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ११ अगस्त को जयपुर से कर चुके है। मेवाड़ संभाग में कांग्रेस की जड़े हमेशा से मजबूत रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व भाजपा नेता अगले पांच साल में क्या करेंगे ये तो बता रहे है लेकिन अभी शासन में क्या किया उस पर चर्चा नहीं कर रहे है। पायलट ने बताया कि संकल्प रैलियों के माध्यम से हम संकल्प करेंगे कि किसानों को आत्महत्या करने से रोकना है, जनवरी के बाद युवाओं को रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़े एवं आम व्यक्ति की सरकार का निर्माण हो। उन्होंने विधानसभा चुनाव में नेतृत्व सम्बन्धी सवाल पर कहा कि सोनिया गांधी व राहुल गांधी ही कांग्रेस के चेहरे है। इनके नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा सीएम व्यक्तिवाद के आधार पर नहीं बल्कि जनता तय करेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव तक जनता के मध्य बात पहुंचाने के लिए पार्टी की रैलियां एवं रोड शो होते रहेंगे।
...........................
टिकट पाने के लिए नहीं होगी अनुशासनहीनता बर्दाश्त
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी तय करने के बारे में कहा कि अभी इसके लिए मापदंड तय नहीं किए गए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से टिकट पाने के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। टिकट मांगने का हक सभी को है लेकिन अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में टिकट देने में ये जरूर ध्यान रखा जाएगा कि जीतने की क्षमता के साथ साफ छवि हो। साढ़े चार वर्ष तक जिसने पार्टी की सेवा की उस कार्यकर्ता के मान सम्मान की भी कांग्रेस रक्षा करेगी। उन्होंने गुटबाजी सम्बन्धी सवाल पर कहा कि ऐसा कुछ नहीं है एवं पूरी पार्टी एकजुट है।
.............
कांग्रेस की लहर को आगे बढ़ाएगी संकल्प रैलियां
प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी तरूण कुमार ने कहा कि ११ अगस्त को राहुल गांधी के जयपुर आने के बाद राज्य में कांग्रेस की लहर चली है। इस लहर को आगे बढ़ाने का काम सांवलियाजी से शुरू हो रही संकल्प रैलियों से होगा। उन्होंने कहा कि रैली की मुख्य कमान प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट संभालेंगे एवं पार्टी केस भी वरिष्ट नेता इनमें शामिल होंगे।
............
कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
पायलट व तरूण कुमार का सर्किट हाउस पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। स्वागत करने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मांगीलाल धाकड़, पूर्व विधायक सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत, कांग्रेस जिला प्रभारी गोपालसिंह ईडवा, एआईसीसी सदस्य बद्रीलाल जाट जगपुरा, सेवादल के राष्ट्रीय सचिव पीयूष त्रिवेदी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम मूंदड़ा, भदेसर के पूर्व प्रधान गोविन्दसिंह शक्तावत, युवक कांग्रेस के प्रदेश वरिष्ठ महासचिव अभिमन्युसिंह जाड़ावत आदि पदाधिकारी शामिल थे।
Published on:
23 Aug 2018 10:19 pm
