
भक्त की ओर से श्री सांवलिया सेठ भेंट की गई चांदी की सिल्लियां। फोटो पत्रिका
Sanwaliya Seth temple Silver Donation : मंडफिया (चित्तौड़गढ़)। प्रसिद्ध कृष्ण धाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर में श्रद्धालुओं की अगाध श्रद्धा और आस्था का अनूठा रूप देखने को मिला है। मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोनकच्छ निवासी एक भक्त ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर भगवान श्री सांवलिया सेठ (मंडफिया) के चरणों में 11 किलो 400 ग्राम चांदी की सिल्लियां समर्पित की हैं।
मंदिर भेंट कक्ष प्रभारी शंकर लाल कुलमी ने इस विशेष दान की जानकारी देते हुए बताया कि भक्त अपनी मन्नत पूरी होने के बाद यह भेंट देने मंडफिया पहुंचा था। हालांकि, असीम श्रद्धा भाव से भरे इस श्रद्धालु ने अपना नाम उजागर न करते हुए गुप्त रखने की इच्छा जताई।
इस अवसर पर मंदिर मंडल की ओर से श्रद्धालु को सांवलिया सेठ का ऊपरना ओढ़ाया गया और भगवान का महाप्रसाद भेंट कर उनका सम्मान किया गया। सांवलिया सेठ के दरबार में प्रतिदिन उमड़ने वाले भक्तों के दान की यह कड़ी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बता दें कि श्री सांवलिया सेठ मंदिर के भंडार की सात चरणों में चली गिनती मंगलवार को पूरी हो गई थी। गिनती में नकद दान, ऑनलाइन भेंट और मनीऑर्डर सहित मंदिर को एक महीने में कुल 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपए की भेंट प्राप्त हुई। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने एक क्विंटल से अधिक चांदी और एक किलो से ज्यादा सोना भी अर्पित किया।
मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव ने बताया था कि 13 जुलाई को खोले गए भंडार की अंतिम चरण की गिनती मंगलवार को पूरी हुई। सातवें चरण में सिक्कों की गिनती की गई, जिसमें 8 लाख 33 हजार 905 रुपए प्राप्त हुए। इससे पहले छह चरणों में 29 करोड़ 68 लाख 83 हजार 955 रुपए की नकद राशि गिनी जा चुकी थी। सातों चरणों की गिनती पूरी होने के बाद भंडार और दानपेटियों से कुल 29 करोड़ 77 लाख 17 हजार 860 रुपए नकद प्राप्त हुए।
उन्होंने बताया कि नकद चढ़ावे के अलावा देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन ट्रांसफर, मनीऑर्डर और मंदिर कार्यालय में सीधे भेंट के रूप में भी बड़ी राशि जमा कराई। इस माध्यम से मंदिर को 8 करोड़ 45 लाख 96 हजार 2 रुपए प्राप्त हुए। इस तरह नकद और ऑनलाइन भेंट को मिलाकर कुल चढ़ावा 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपए तक पहुंच गया।
Updated on:
22 Jul 2026 06:40 pm
Published on:
22 Jul 2026 06:37 pm
