13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Chittorgarh News : एजेंसियों पर मिल रहे छोटे सिलेंडर, आईडी दिखाओ और घर ले जाओ रसोई का ईंधन

अवैध रिफिलिंग और जुगाड़ के जरिए रसोई गैस जुटाने वालों पर लगाम कसने के कारण अब पांच किलो के गैस सिलेंडर (छोटू) की डिमांड बढ़ने लगी है। रसद विभाग के अनुसार जिले में करीब एक हजार छोटे सिलेंडरों की खेप पहुंच गई है।

2 min read
Google source verification
Small LPG cylinders

फोटो पत्रिका नेटवर्क

चित्तौडगढ़। अवैध रिफिलिंग और जुगाड़ के जरिए रसोई गैस जुटाने वालों पर लगाम कसने के कारण अब पांच किलो के गैस सिलेंडर (छोटू) की डिमांड बढ़ने लगी है। रसद विभाग के अनुसार जिले में करीब एक हजार छोटे सिलेंडरों की खेप पहुंच गई है। इससे विशेष रूप से अप्रवासी श्रमिकों और अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

खाड़ी देशों में युद्ध के चलते गैस आपूर्ति गड़बड़ाने और ओटीपी आधारित सप्लाई के नियम सख्त होने से गैस की कालाबाजारी पर कुछ हद तक रोक लगी है। हालांकि, इसका खामियाजा ब्लैक अथवा जुगाड़ से गैस लेने वाले उपभोक्ताओं को उठाना पड़ा। इसी को देखते हुए सरकार ने अप्रवासी श्रमिकों, विद्यार्थियों एवं नौकरीपेशा लोगों के लिए पांच किलो के छोटे सिलेंडर की आपूर्ति शुरू की है।

कोई भी उपभोक्ता एजेंसी पर जाकर 1588 रुपए देकर यह सिलेंडर ले सकता है, जिसके बाद उसे नियमित रिफिलिंग की की सुविधा मिलेगी। गैस एजेंसी संचालक डॉ. रूपेश कंलत्री ने बताया कि छोटे सिलेण्डर मिले हैं। इन छोटे सिलेण्डरों की डिमांड भी बढ़ी है।

खतरनाक रीफिलिंग से मिलेगा छुटकारा

अब तक जिले में मजदूरी करने वाले श्रमिक और विद्यार्थी छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरवाने का जोखिम उठाते थे, जिससे कई बार हादसे हो चुके हैं। प्रशासन और तेल कंपनियों ने इस 'जुगाड़' पर ब्रेक लगाने के लिए सरकारी स्तर पर छोटे सिलेंडर की उपलब्धता बढ़ाई है। यह सिलेंडर न केवल सुरक्षित है, बल्कि इसे एक जगह से दूसरी जगह ले जाना भी बेहद आसान है।

तत्काल ले सकते हैं सिलेण्डर

योजना को सरल रखा गया है ताकि मजदूरों को कागजी कार्रवाई के लिए भटकना न पड़े। छोटे सिलेंडर के लिए श्रमिक को केवल अपनी कोई भी एक आईडी साथ लेकर गैस एजेंसी पर जाना होगा। निर्धारित राशि जमा कराने पर तत्काल सिलेंडर मिल जाएगा।

शादी-ब्याह: कमर्शियल सिलेंडर के लिए 13 आवेदन

सरकार की ओर से शादी समारोह में उपयोग के लिए कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नियम के तहत शहरी क्षेत्र में तीन और ग्रामीण क्षेत्रों में दो सिलेंडर उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके लिए रसद विभाग में आवेदन करना होता है। जिले में अभी तक ऐसे 13 आवेदन आए हैं, जिन्हें रसद विभाग ने आगामी कार्रवाई के लिए सेल्स ऑफिसर को भिजवा दिया है।

जिले में आपूर्ति शुरू

जिले में छोटे सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू की जा रही है। अब तक एक हजार से अधिक सिलेंडर पहुंच चुके हैं। इच्छुक अप्रवासी आईडी दिखाकर इसे ले सकते हैं। शादी-ब्याह के लिए आए 13 आवेदनों को भी आगे भिजवाया जा चुका है।

-हितेश जोशी, जिला रसद अधिकारी, चित्तौडगढ़